सिर्फ आयरन से ठीक नहीं होगा एनीमिया! AIIMS की रिसर्च में खुलासा, इलाज में विटामिन-D की भी अहम भूमिका

सिर्फ आयरन से ठीक नहीं होगा एनीमिया! AIIMS की रिसर्च में खुलासा, इलाज में विटामिन-D की भी अहम भूमिका

आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया यानी खून की कमी का इलाज अब तक मुख्य रूप से आयरन सप्लीमेंट के जरिए किया जाता रहा है। लेकिन एम्स, नई दिल्ली की एक रिसर्च में सामने आया है कि जिन मरीजों में विटामिन-D की भी कमी होती है, उन्हें सिर्फ आयरन देने से अपेक्षित फायदा नहीं मिल पाता। रिसर्च के मुताबिक, आयरन के साथ विटामिन-D देने पर हीमोग्लोबिन, फेरिटिन और खून से जुड़े दूसरे मानकों में ज्यादा सुधार देखा गया।

टीवी9 भारतवर्ष से बातचीत में फार्माकोलॉजिस्ट डॉ. हरलोकेश नारायण यादव ने बताया कि इस रिसर्च की शुरुआत 2023 में हुई थी और यह 2025 में पूरी हुई। वहीं, एम्स के हेमेटोलॉजी विभाग के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. मुकुल अग्रवाल के मुताबिक, एनीमिया के मरीजों में विटामिन-D की जांच करना और कमी मिलने पर उसे ठीक करना इलाज को ज्यादा असरदार, सरल और किफायती बना सकता है।

400 मरीजों पर हुई रिसर्च, तीन ग्रुप में बांटे गए प्रतिभागी

इस अध्ययन में कुल 400 मरीजों को शामिल किया गया था, जिनमें से 385 ने 90 दिन का कोर्स पूरा किया। सभी मरीजों को रोजाना आयरन युक्त माइक्रोन्यूट्रिएंट सप्लीमेंट दिया गया। इसमें 300 मिलीग्राम फेरस फ्यूमरेट के साथ फोलेट, विटामिन B12 और अन्य मिनरल्स शामिल थे।

डॉ. यादव के मुताबिक, मेडिसिन और हेमेटोलॉजी विभाग के मरीजों को तीन ग्रुप में बांटा गया था।

  • पहला ग्रुप: जिन मरीजों में विटामिन-D का स्तर सामान्य था, उन्हें सिर्फ आयरन थेरेपी दी गई।

  • दूसरा ग्रुप: जिनमें विटामिन-D की कमी थी, उन्हें भी सिर्फ आयरन दिया गया।

  • तीसरा ग्रुप: विटामिन-D की कमी वाले मरीजों को आयरन के साथ विटामिन-D भी दिया गया।

तीसरे ग्रुप के मरीजों को शुरुआती छह सप्ताह तक हर हफ्ते 60,000 IU कोलेकैल्सीफेरॉल यानी विटामिन-D की खुराक दी गई।

90 दिन बाद किस ग्रुप को मिला सबसे ज्यादा फायदा?

90 दिन के बाद तीनों ग्रुप के मरीजों की स्थिति में सुधार हुआ, लेकिन सबसे बेहतर परिणाम आयरन और विटामिन-D दोनों लेने वाले तीसरे ग्रुप में देखने को मिले।

इस ग्रुप में हीमोग्लोबिन, हेमेटोक्रिट, RBC काउंट, MCV और फेरिटिन के स्तर में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, सबसे कम सुधार उस ग्रुप में हुआ, जिसमें मरीजों को विटामिन-D की कमी होने के बावजूद सिर्फ आयरन दिया गया था।

रिसर्च में यह भी सामने आया कि जिन मरीजों में विटामिन-D का स्तर जितना ज्यादा सुधरा, उनके हीमोग्लोबिन और फेरिटिन में भी उतना ही बेहतर सुधार देखा गया। खासतौर पर गंभीर एनीमिया से जूझ रहे मरीजों, जिनका हीमोग्लोबिन 7 ग्राम प्रति डेसीलीटर से कम था, उन्हें विटामिन-D देने से सबसे ज्यादा फायदा मिला।

विटामिन-D शरीर में आयरन के इस्तेमाल को कैसे बेहतर बनाता है?

रिसर्च के अनुसार, विटामिन-D का सक्रिय रूप शरीर में हेप्सिडिन नामक हार्मोन का स्तर कम करने में मदद करता है। हेप्सिडिन कम होने से आंतों में आयरन का अवशोषण बेहतर होता है और शरीर में पहले से मौजूद आयरन का इस्तेमाल भी प्रभावी तरीके से हो पाता है।

इसके अलावा विटामिन-D सूजन को कम करने में भी भूमिका निभाता है। इससे शरीर में खून बनने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

भारत में एनीमिया के इलाज के लिए क्यों अहम है यह रिसर्च?

भारत में आयरन की कमी से होने वाला एनीमिया और विटामिन-D की कमी, दोनों ही बड़ी स्वास्थ्य चुनौतियां हैं। रिसर्च में बताया गया है कि देश में विटामिन-D की कमी का प्रसार 50 से 90 प्रतिशत तक हो सकता है।

ऐसे में एनीमिया के मरीजों में विटामिन-D के स्तर की जांच और जरूरत पड़ने पर उसकी कमी दूर करना इलाज की रणनीति का अहम हिस्सा बन सकता है।

अध्ययन के दौरान कोई गंभीर साइड इफेक्ट सामने नहीं आया। कुछ मरीजों को हल्की अपच की शिकायत हुई, जो बिना किसी इलाज के ठीक हो गई। वहीं, हाई कैल्शियम या विटामिन-D टॉक्सिसिटी का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर एनीमिया मरीज को खुद से विटामिन-D की हाई डोज लेनी चाहिए। सप्लीमेंट और उसकी खुराक का फैसला डॉक्टर की सलाह और जांच के आधार पर ही होना चाहिए।