शरद पवार को राज्यसभा भेजने के लिए कांग्रेस ने छोड़ी थी सीट, अब परिसीमन पर बीजेपी के साथ खड़े होने से भड़की पार्टी

शरद पवार को राज्यसभा भेजने के लिए कांग्रेस ने छोड़ी थी सीट, अब परिसीमन पर बीजेपी के साथ खड़े होने से भड़की पार्टी

परिसीमन बिल को लेकर महाराष्ट्र की सियासत में नया विवाद खड़ा हो गया है। शरद पवार की पार्टी के केंद्र की बीजेपी सरकार के समर्थन में खड़े होने की खबरों से कांग्रेस नाराज है। महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले को पुराना राजनीतिक सहयोग याद दिलाया है। कांग्रेस का कहना है कि इसी साल शरद पवार को दोबारा राज्यसभा भेजने के लिए उसने अपनी सीट पर दावा छोड़ दिया था, लेकिन अब वही पवार परिसीमन के मुद्दे पर बीजेपी के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।

कांग्रेस ने याद दिलाया राज्यसभा चुनाव का पूरा गणित

महाराष्ट्र कांग्रेस ने 27 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर बताया कि मार्च 2026 में महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने थे। उस समय शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के पास सिर्फ 10 विधायक थे। एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी।

कांग्रेस के पास 16 विधायक और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पास 20 विधायक थे। ऐसे में शरद पवार की राज्यसभा में वापसी के लिए विपक्षी दलों का समर्थन जरूरी था।

कांग्रेस के मुताबिक, सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए पार्टी नेतृत्व से समर्थन मांगा था। इसके बाद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने सकारात्मक रुख अपनाया। कांग्रेस ने अपनी सीट पर दावा छोड़ते हुए पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया। बाद में शिवसेना (यूबीटी) ने भी उनका साथ दिया और महाविकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से उनकी उम्मीदवारी तय की।

‘जिनके लिए सीट छोड़ी, वही अब बीजेपी का समर्थन कर रहे’

महाराष्ट्र कांग्रेस ने अपने पोस्ट में सवाल उठाया कि जब पार्टी ने शरद पवार को राज्यसभा भेजने के लिए पूरा सहयोग किया, तो अब परिसीमन बिल के मुद्दे पर उनका रुख बीजेपी के पक्ष में क्यों है?

कांग्रेस ने लिखा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने बिना किसी हिचकिचाहट के सुप्रिया सुले की मांग पर समर्थन दिया था। पार्टी ने अपनी सीट का दावा छोड़कर पवार की उम्मीदवारी का रास्ता साफ किया था। लेकिन अब शरद पवार, सुप्रिया सुले और उनकी पार्टी परिसीमन कानून के संदर्भ में बीजेपी सरकार का समर्थन करने जा रहे हैं।

इस बयान से साफ है कि परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी गठबंधन के भीतर भी मतभेद गहराते जा रहे हैं।

INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगी सुप्रिया सुले

इस राजनीतिक विवाद के बीच सुप्रिया सुले ने कहा है कि वह शनिवार को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगी। यह बैठक संसद के विशेष सत्र में विपक्ष की रणनीति पर चर्चा के लिए बुलाई गई है।

बारामती से लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने इसकी वजह अपने पिता शरद पवार की खराब सेहत बताई। उन्होंने कहा कि शरद पवार अस्पताल में भर्ती हैं, इसलिए वह सप्ताहांत में मुंबई में ही रहेंगी।

पवार की तरफ से कांग्रेस को क्या संदेश दिया गया?

सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार ने कांग्रेस आलाकमान तक यह संदेश पहुंचाया है कि उनकी पार्टी के सांसदों की बीजेपी के साथ बातचीत हो चुकी है और वे बिल के समर्थन में खड़े हैं। ऐसे में पार्टी को बचाए रखने के लिए उन्हें परिसीमन बिल का समर्थन करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि सरकार अगले हफ्ते संसद के विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़ा विधेयक पेश करने की तैयारी कर रही है। इससे पहले अप्रैल में विपक्षी दलों की एकजुटता के कारण यह बिल पास नहीं हो पाया था। अब इस मुद्दे पर महाराष्ट्र की राजनीति के साथ-साथ INDIA गठबंधन के भीतर भी हलचल तेज हो गई है।