प्रियंका ने मोदी को बताया कायर प्रधानमंत्री, कहा- इनसे कमजोर पीएम ज़िंदगी में नहीं देखा

प्रियंका गांधी

नई दिल्ली: लोकसभा के 5 चरणों का चुनाव संपन्न हो चुका है। छठवें चरण के लिए मतदान 12 मई को होगा। इस दौरान चुनाव प्रचार-प्रसार अपने शबाब पर है। राजनीतिक दलों के नेताओं द्वारा सियासी बयानबाजी भी खूब हो रही है। इस बीच पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में चुनाव प्रचार करने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले पहुंची कांग्रेस महासचिव और पूर्वी यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी को ‘कायर’ प्रधानमंत्री बताया है।

प्रतापगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, ‘ इनसे बड़ा कायर, इनसे कमजोर प्रधानमंत्री मैंने जिदंगी में नहीं देखा है। राजनीतिक शक्ति बड़े-बड़े प्रचार से नहीं आती है, टीवी पे दिखाने से नहीं आती है।’ प्रियंका ने कहा, ‘ राजनीतिक शक्ति वो होती है जो ये माने की जनता सबसे बड़ी है, जनता की बात सुनने की शक्ति, जनता की समस्याओं को सुलझाने की शक्ति, आलोचना सुनने की शक्ति, विपक्षी दलों की बात सुनने की शक्ति। लेकिन ये पीएम आपकी बात सुनना छोड़िए, आपको जवाब देना नहीं जानते।

जौनपुर में बोले पीएम मोदी- बहनजी जो खेल खेल रही हैं 23 के बाद समझ में आ जाएगा

गौरतलब है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंक गांधी चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरने का एक भी मौका नहीं छोड़ रही हैं। वह प्रचार दर प्रचार अपने भाषणों के जरिए लगातार पीएम पर आक्रमक हैं। इससे पहले एक रोड शो के दौरान प्रियंका ने पीएम पर निशाना साधते हुए उन्हे एक ऐसा स्कूली छात्र बताया था जो अपना होमवर्क करने में असफल रहता हैं और वह बहाने बनाता है कि कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उनकी कॉपी ले ली है और इंदिरा गांधी ने उसका नाव बना दिया है। वहीं हरियाणा में एक जनसभा को संबोधित करने के दौरान भी प्रियंका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अहंकारी बताते हुए उनकी तुलना दुर्योधन से की थी।