राष्ट्रपति कोविंद की विदाई पर पुस्तकों का होगा विमोचन

राष्ट्रपति कोविंद की विदाई पर पुस्तकों का होगा विमोचन
देश की नई राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू का निर्वाचन हो चुका है। 25 जुलाई को वह शपथ लेंगी और इसी के साथ मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल भी पूर्ण हो जाएगा। इसके ठीक एक दिन पूर्व यानी 24 जुलाई को राष्ट्रपति भवन में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान भारत के सभी राष्ट्रपतियों की यात्रा को तस्वीरों के माध्यम से दर्शाने वाली तीन किताबों का विमोचन किया जाएगा। 
अफसरों ने बताया, तीनों किताबों का विमोचन राष्ट्रपति भवन में होगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर सभी किताबों का विमोचन करेंगे। इस कार्यक्रम मे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, देश की नई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू व पीएम नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।
1950 से लेकर अब तक का तस्वीरों में सफर 
कार्यक्रम के दौरान पहली किताब- ‘मूड्स, मोमेंट एंड मेमोरीज’ का विमोचन होगा। इसमें 1950 से 2017 तक के राष्ट्रपतियों की यात्रा को दर्शाया जाएगा। वहीं दूसरी किताब- ‘द फर्स्ट सिटिजन’ में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के कार्यकाल का सचित्र रेखांकित किया गया  है। वहीं तीसरी किताब- ‘इंटरप्रेटिंग जियोमेट्री फ्लोरिंग ऑफ राष्ट्रपति भवन’, 1912 में भारत के वायसराय के निवास के लिए सर एडविन लुटियन द्वारा डिजाइन किए गए फर्श पैटर्न का एक अनूठा भंडार है। यह 1929 तक चली।