Bihar: मदरसे में नाबालिग से यौन उत्पीड़न के आरोप में मौलवी अरेस्ट, वीडियो बनाकर करता था ब्लैकमेल

Bihar: मदरसे में नाबालिग से यौन उत्पीड़न के आरोप में मौलवी अरेस्ट, वीडियो बनाकर करता था ब्लैकमेल

Bihar News: बिहार के नवादा (Nawada) जनपद में एक मदरसे में नाबालिग छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है. छात्रा से छेड़खानी के आरोप में मदरसे के ही एक मौलवी को पुलिस ने अरेस्ट किया है. मौलवी की पहचान शहादत हुसैन के रूप में हुई है. मौलवी पर नाबालिग बच्ची के साथ गंदी हरकत करने और वीडियो बनाकर धमकी देने का आरोप है. मदरसे की ही एक नाबालिग छात्रा ने मौलवी पर गंभीर आरोप लगाया है. बताया जाता है कि आरोपी मौलवी इस मदरसे में लगभग तीन वर्षों से पढ़ा रहा था.

आरोपी के मोबाइल से कई अश्लील वीडियो और तस्वीरें मिलीं

मामला कौवाकोल थाना क्षेत्र के मदरसा नूरी मस्जिद का है. पीड़ित छात्रा ने आरोप लगाया है कि मौलवी ने उसकी एक तस्वीर खींच ली थी और इसे वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ गंदी हरकत करता था. छात्रा के आरोपों के अनुसार मौलवी ने मदरसे में भी उसके साथ गंदी हरकत की थी. इसके अलावा छात्रा ने ये भी बताया की मौलवी ने कई और युवतियों के साथ भी इस प्रकार की हरकत करता है. वहीं, पीड़िता के भाई का कहना है कि मौलवी 6 भिन्न-भिन्न सिम कार्ड रखता था और उसके मोबाइल से कई अश्लील वीडियो और तस्वीरें मिली हैं.

पॉस्को एक्ट के तहत केस दर्ज़

वहीं इस केस पर एसडीपीओ (SDPO) महेश चौधरी ने कहा, “कौवाकोल थाने में एक शिकायत मिली थी कि एक मदरसा शिक्षक नाबालिग छात्राओं का अश्लील वीडियो बनाता था और उन्हें ब्लैकमेल करता था”. जिसके बाद आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है. इसके साथ ही आरोपित पर पॉक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस अभी मामले की जांच में जुटी है.