जहानागंज, आज़मगढ़। स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले मंगलवार को जहानागंज का नज़ारा पूरी तरह देशभक्ति में डूबा रहा। ब्लॉक प्रमुख रमेश कनौजिया के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा ने सड़क से लेकर चौराहे तक तिरंगे का समंदर बहा दिया। जगह-जगह लोगों ने फूलों की बारिश और मिठाई बांटकर यात्रा का स्वागत किया।
सुबह से ही ब्लॉक परिसर में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। हाथों में तिरंगा, दिलों में जोश और जुबां पर ‘भारत माता की जय’ के नारों ने माहौल को जीवंत कर दिया। ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति गीतों ने उत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया।
यात्रा ब्लॉक परिसर से शुरू होकर ब्लॉक चौराहा, मवेशी सैयद मोड़, चौक होते हुए मुख्य बाज़ार तक पहुंची। इस दौरान हर मोड़ पर लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख के साथ लक्ष्मण मौर्य, भाजपा नेता देवेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह, अखिलेश सिंह, अमित सिंह सोनवारा, जयप्रकाश यादव, आनंद गुप्ता और खंड विकास अधिकारी रवि कुमार भी मौजूद रहे।
तिरंगे की कहानी भी बनी आकर्षण
यात्रा के दौरान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की ऐतिहासिक कहानी और महत्व भी प्रस्तुत किया गया। 22 जुलाई 1947 को घोषित तिरंगे का केसरिया रंग साहस और बलिदान का प्रतीक, सफेद रंग शांति का संदेश, हरा रंग विकास और समृद्धि का संकेत देता है। बीच का अशोक चक्र देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
गांव-शहर में गूंजा देशभक्ति का स्वर
पूरे जहानागंज में तिरंगे के रंग का असर साफ दिखा। गलियों, घरों, दुकानों और चौराहों पर तिरंगे लहरा रहे थे। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनकर गर्व महसूस कर रहे थे।
वक्ताओं ने कहा, “तिरंगा सिर्फ एक कपड़ा नहीं, बल्कि यह आज़ादी की पहचान और शहीदों के बलिदान की याद है।”



