साउथ सिनेमा के सुपरस्टार नागार्जुन अक्किनेनी किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. नागार्जुन ने साउथ ही नहीं बॉलीवुड में भी अपनी पहचान बनाई है. बॉलीवुड में उनकी फिल्में ज्यादा सफल नहीं रहीं, लेकिन नोर्थ इंडिया में भी लोग उन्हें काफी पसंद करते हैं. नागार्जुन एक शानदार अभिनेता होने के साथ फिल्म निर्माता और बिजनेसमैन भी हैं. साथ ही वो एक कमाल के पति और पिता भी हैं. वह जितना अपनी फिल्मों को लेकर चर्चा में रहे हैं, उतनी ही सुर्खियां उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ से भी बटोरी हैं.
29 अगस्त 1959 को मद्रास में जन्मे नागार्जुन मशहूर कलाकार अक्किनेनी नागेश्वर राव के बेटे हैं. फिल्मी परिवार से संबंध रखने वाले नागार्जुन को बचपन से ही सिनेमा में रुचि थी. उन्होंने इसी दिशा में मेहनत की और आज एक बड़ा नाम बन गए हैं. आज नागार्जुन का जन्मदिन है. उनके जन्मदिन पर आइए जानते हैं उनके बारे में कुछ दिलचस्प बातें.
चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में की थी शुरुआत
नागार्जुन ने एक चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी और 1986 में तेलुगू फिल्म ‘विक्रम’ से लीड एक्टर के तौर पर अपना डेब्यू किया था. इसी साल उनकी दो फिल्में ‘कैप्टन नागार्जुन’ और ‘अरन्याकंडा’ आईं, जिन्हें भी दर्शकों का खूब प्यार मिला. आज भी वो सबसे बड़े स्टार्स के रूप में जाने जाते हैं. उन्होंने अपने करियर में कई सुपरहिट फिल्में दी हैं. निजी जीवन में, उन्होंने दो शादियां कीं और उनके दोनों बेटे, नागा चैतन्य और अखिल अक्किनेनी, भी फिल्मों में काम करते हैं.
कितनी है नागार्जुन की दौलत?
कमाई की बात करें तो नागार्जुन ना सिर्फ एक कलाकार हैं बल्कि एक बिजनेसमैन हैं. तेलुगु सुपरस्टार चार दशकों से इंडस्ट्री में एक्टिव हैं. बात करें उनकी नेटवर्थ के बारे में तो नागार्जुन की कुल नेटवर्थ 3572 करोड़ ($410 मिलियन) से ज्यादा है. अगर इस हिसाब से देखा जाए तो ये बॉलीवुड के बड़े-बड़े सुपरस्टार सलमान और अक्षय से भी ज्यादा है. अपनी एक्टिंग फीस और बिग बॉस तेलुगु को होस्ट करने से होने वाली कमाई के अलावा, नागार्जुन एक स्टूडियो के मालिक होने के साथ-साथ एक फिल्म प्रोड्यूसर भी हैं.



