आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुजरात दौरे पर हैं. रविवार (2 मार्च) को परिवर्तन लाओ, किसान बचाओ यात्रा रैली कर बीजेपी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. गांधी नगर में आयोजित इस रैली में उन्होंने गुजरात की जनता से 30 साल से राज कर रही बीजेपी को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि इस बार गुजरात में जनता की सरकार बनेगी और अपने फैसले खुद लेगी.
केजरीवाल ने जोर दिया कि हमें सिर्फ पार्टी नहीं बदलनी है, बल्कि गुजरात की तरक्की के लिए पूरी व्यवस्था बदलनी है. उन्होंने कहा कि AAP की सरकार बनने पर सबसे पहले नेताओं की गुंडागर्दी-भ्रष्टाचार खत्म करेंगे और गुजरात को लूटने वालों को जेल में डालेंगे. उन्होंने कहा कि गुजरात में केवल बीजेपी और कांग्रेस के नेता तरक्की कर रहे हैं. जब BCCI का चेयरमैन बनाना है तो ये अपने बेटे को बनाते हैं. उन्होंने कहा कि आखिर जय शाह में ऐसी कौन सी खूबी है, जो हमारे युवाओं में नहीं है?.
AAP नेता ने कहा कि पिछले 10-12 दिनों से यशु भाई, प्रवीण राम और मनोज सोरठिया ने भगवान सोमनाथ के दर्शन कर गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले से होते हुए गांधीनगर तक किसान यात्रा निकाली है. इस यात्रा के दौरान वे हजारों किसानों से मिले और पाया कि हर जगह गुजरात का किसान दुखी है और खून के आंसू रो रहा है. कहीं पीने का पानी नहीं है, कहीं सिंचाई का पानी नहीं है, हर चीज के दाम बढ़ गए हैं और किसानों को अपनी फसल के पूरे दाम भी नहीं मिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि गुजरात में 30 साल से भाजपा की सरकार है, लेकिन इन्होंने कुछ नहीं किया. आज गुजरात का बच्चा-बच्चा कह रहा है कि यह भ्रष्टाचारी सरकार है जो गुजरात को लूट रही है. जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे ये पकड़कर झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल में डाल देते हैं.
‘सरकार ने किसानों को जेल में डाल दिया’
बोटाद की घटना का जिक्र करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले वहां किसान करदा प्रथा के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे और कोई हिंसा नहीं कर रहे थे.लेकिन बीजेपी की अत्याचारी सरकार ने किसानों के घरों में घुसकर उन्हें घसीटा, उनका अपमान किया और जेल में डाल दिया. किसानों की पत्नियां, माताएं और बच्चे बहुत रोए, लेकिन भाजपा सरकार नहीं मानी और 85 किसानों को कई महीनों तक जेल में रखा, जब आम लोग दिवाली मना रहे थे, तब किसान भाई जेल के अंदर तड़प रहे थे और उनके परिवार रो रहे थे.
‘गुजरात से कमल को उखाड़ कर फेंक देना है’
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह बात केवल 85 किसानों की नहीं है, बल्कि इसके जरिए बीजेपी पूरे गुजरात के किसानों को संदेश देना चाहती है कि खबरदार किसी ने आवाज उठाई तो उसका भी यही हाल किया जाएगा. उन्होंने जनता से पूछा कि क्या वे इस अत्याचार को बर्दाश्त करेंगे या इसके खिलाफ आवाज उठाएंगे. बीजेपी खुलेआम किसानों की बेइज्जती और उनका अपमान कर रही है. इस बार हर चुनाव में हर किसान को कसम खानी है कि किसी को भी वोट दे देंगे, लेकिन भाजपा को वोट नहीं देंगे. गुजरात से कमल को उखाड़ कर फेंक देना है, कमल को बिल्कुल वोट नहीं देनी है और हर किसान को इस बार यह कसम खानी है.
‘ये लोग जनता का पैसा खा जाते हैं’
उन्होंने सवाल किया कि चैतर वसावा का क्या कसूर है? नरेगा में भारी भ्रष्टाचार है, ये लोग जनता का पैसा खा जाते हैं, फर्जी किताबों में कुछ भी लिख देते हैं और लोगों के नाम का पैसा चोरी कर लेते हैं. चैतर वसावा ने लोगों की आवाज उठाई थी. इसलिए उसे पकड़ कर जेल में डाल दिया गया. प्रवीण राम ने किसानों की आवाज उठाई तो उसे भी पकड़ कर जेल में डाल दिया गया. इन्होंने मुझे भी नहीं छोड़ा और पकड़ कर जेल में डाल दिया. भारत के 75 साल के इतिहास में कभी ऐसा नहीं हुआ कि दिल्ली के एक मौजूदा मुख्यमंत्री (सिटिंग चीफ मिनिस्टर) को 6 महीने तक जेल में रखा गया हो। मुझे पर इल्जाम लगाया गया कि केजरीवाल 100 करोड़ रुपए खा गया और उसने शराब घोटाला कर दिया है. यह आरोप भी लगाया गया कि मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और संजय सिंह ने शराब घोटाला किया है और इस तरह आम आदमी पार्टी के पांच सबसे बड़े नेताओं को पकड़ कर जेल में डाल दिया गया.
‘कोर्ट कहता है कि आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार है’
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में मुझे रात के अंधेरे में मेरे घर से घसीट कर ले जाया गया और जेल में डाल दिया गया. मेरे घर, बैंक, दफ्तर और हर जगह रेड मारी गई, लेकिन कहीं एक पैसा नहीं मिला. इसी तरह मनीष सिसोदिया और संजय सिंह के यहां भी रेड मारी गई, लेकिन वहां भी एक पैसा नहीं मिला. उन्होंने सवाल किया कि आखिर वे 100 करोड़ रुपए कहां गए? अब कोर्ट का आदेश आया है, जिसमें कहा गया है कि केजरीवाल के खिलाफ मुकदमा नहीं बनता, कोई सबूत नहीं है और कोई गवाह नहीं है. बीजेपी कहती है कि केजरीवाल चोर है, लेकिन कोर्ट कहता है कि केजरीवाल, आम आदमी पार्टी और उसके नेता कट्टर ईमानदार हैं.
‘बीजेपी और उसके आरोप झूठे हैं’
नेता ने कहा कि कोर्ट ने कहा है कि बीजेपी और उसके आरोप झूठे हैं और इतना भी सबूत नहीं है कि मुकदमा चलाया जा सके. हम बरी नहीं हुए हैं, क्योंकि बरी तो मुकदमा चलने के बाद होते हैं, यहां तो कोर्ट ने कहा है कि मुकदमा चलाने लायक भी सबूत नहीं हैं. उन्होंने इसे एक बहुत बड़ा अत्याचार बताते हुए कहा कि जब एक मौजूदा मुख्यमंत्री को उठाकर जेल में डाला जा सकता है, तो आम लोगों की क्या औकात है. ये लोग किसान, व्यापारी समेत किसी को भी झूठे केस लगाकर जेल में डाल देंगे और ये सिर्फ सबको डरा कर रखते हैं, इसके अलावा कुछ नहीं करते.
‘2015 में जनता ने झाड़ू को वोट देकर अपनी सरकार बनाई’
केजरीवाल ने कहा कि पहले दिल्ली में गुजरात जैसा ही हाल था. दिल्ली में सिर्फ कांग्रेस और बीजेपी दो ही पार्टियां थीं और लोग इनकी मिलीभगत से परेशान हो चुके थे. तब लोगों ने तय किया कि वे इन दोनों पार्टियों को उखाड़ फेंकेंगे और अपनी खुद की सरकार बनाएंगे. 2015 में जनता ने झाड़ू को वोट देकर अपनी सरकार बनाई और मुझे मुख्यमंत्री बना दिया. मैं एक आम आदमी हूं, मेरे परिवार (पिताजी, चाचा, ताऊ, मामा, नाना, दादा) में कोई भी नेता नहीं है. मैं वही काम करता था जो जनता कहती थी. जनता ने कहा तो मैंने बिजली-पानी फ्री कर दिया, 24 घंटे बिजली दी, खराब सरकारी स्कूलों को शानदार बना दिया और इलाज के लिए सरकारी अस्पताल व मोहल्ला क्लीनिक बनाकर दिल्ली में सबका इलाज मुफ्त कर दिया.
उन्होंने कहा कि जब जनता ने सरकारी दफ्तरों और तहसील में पटवारी द्वारा पैसे मांगने और अपमानित होने की शिकायत की, तो मैंने सरकारी दफ्तर जाना ही खत्म कर दिया. हमने एक फोन नंबर जारी कर दिया. जिस पर फोन करने से अफसर घर आकर काम करके जाते थे. दिल्ली में जनता के हिसाब से सरकार चलती थी, चाहे गली ठीक करानी हो या सड़क, दिल्ली में पूरी तरह से जनता का शासन आ गया था.
‘पंजाब में किसान के बेटे भगवंत मान को मुख्यमंत्री बनाया’
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि फिर पंजाब के लोगों ने अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा को हराकर आम आदमी की सरकार बनाई और किसान के बेटे भगवंत मान को मुख्यमंत्री बनाया. वहां लोगों की मांग पर खेती की बिजली मुफ्त कर दी गई, जिससे किसान जितनी चाहें बिजली इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके अलावा घर की बिजली भी मुफ्त कर दी गई. अब पंजाब में किसानों को रात के बजाय दिन में लगातार 10 घंटे बिजली मिलती है और हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचा दिया गया है. उन्होंने एक खुशखबरी साझा करते हुए बताया कि आज ही पंजाब का बजट आया है जिसमें हर महिला के खाते में हर महीने 1,000 रुपए डाले जाएंगे।यह सब गुजरात में भी होना चाहिए.
‘शराब घोटाले का और 100 करोड़ खाने का षड्यंत्र रचा’
AAP नेता ने कहा कि इसलिए मुझे जेल में डाला गया, क्योंकि पिछली बार गुजरात के लोगों ने आम आदमी पार्टी के पांच विधायक बना दिए थे. बीजेपी को लगा कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो 2027 में आम आदमी पार्टी की सरकार बन जाएगी. केजरीवाल को रोकने के लिए शराब घोटाले का और 100 करोड़ खाने का षड्यंत्र रचा गया. हमारे नेताओं पर झूठे केस और 200 मुकदमे करके जेल में डाल दिया गया. मुझे जेल में डालकर बीजेपी ने चोरी से दिल्ली की सत्ता पर कब्जा कर लिया.
केजरीवाल ने बीजेपी के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये लोग पूरे देश में घूम-घूम कर कहते हैं कि गुजरात बड़ी तरक्की कर रहा है, लेकिन हकीकत में न तो किसान तरक्की कर रहा है और न ही युवाओं को रोजगार मिल रहा है. केवल बीजेपी और कांग्रेस के नेता तरक्की कर रहे हैं, जो चोरी करके और जॉइंट बिजनेस चलाकर करोड़ों के मालिक हो गए हैं. किसान, युवा, महिला, व्यापारी या उद्योगपति कोई भी तरक्की नहीं कर रहा है.
‘बीजेपी के लोग ही पेपर लीक करते हैं’
उन्होंने कहा कि एक गरीब किसान अपनी जमीन और जेवर बेचकर, दिन-रात मेहनत करके पैसे जमा करता है और अपने बच्चे को अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत या राजकोट पढ़ने भेजता है. लेकिन जब बच्चा खूब पढ़ाई करके पेपर देने जाता है तो पेपर लीक हो जाता है. ऐसा कैसे हो जाता है, जबकि मैं 10 साल दिल्ली का मुख्यमंत्री रहा और वहां एक भी पेपर लीक नहीं हुआ और पंजाब में भी 5 साल से हमारी सरकार है, वहां भी एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है. लेकिन गुजरात में रोज पेपर लीक हो जाते हैं. बीजेपी के लोग ही पेपर लीक करते हैं. जो सरकार ठीक से पेपर नहीं करा सकती, वह सरकार क्या चलाएगी? ये लोग पेपर लीक करने वालों को जेल नहीं भेजते, बल्कि किसानों (खेडूतों), चैतर वसावा और प्रवीण राम को जेल भेजते हैं.
‘गुजरात में शराबबंदी है,जबकि सरेआम शराब बिकती है’
अरविंद केजरीवाल ने कहा ये लोग कहते हैं कि गुजरात में शराबबंदी है. जबकि सरेआम शराब बिकती है और पूरे गुजरात में फोन करने पर शराब की होम डिलीवरी होती है. यह सारा पैसा इन्हीं के पास जाता है। ये लोग युवाओं को रोजगार नहीं देते, बल्कि नकली शराब और ड्रग्स की पुड़िया देते हैं.आज कोई स्कूल या कॉलेज ऐसा नहीं है जहां ड्रग्स न बिक रही हो और यह सब इन्हीं के लोग बेच रहे हैं. भाजपा सरकार ड्रग्स और नकली शराब बेचने वालों को नहीं पकड़ती, बल्कि किसानों और युवाओं की आवाज उठाने वालों को जेल भेजती है.
‘सिर्फ पार्टी नहीं बदलनी, बल्कि पूरी व्यवस्था बदलनी है’
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 2027 के चुनाव में सिर्फ पार्टी नहीं बदलनी, बल्कि पूरी व्यवस्था बदलनी है. हर पांच साल में चुनाव आते हैं, तब नेता हाथ जोड़ते हैं, पैर पकड़ते हैं, बच्चों को गोल में खिलाकर फोटो खिंचवाते हैं और बड़े-बड़े वादे करते हैं. लेकिन चुनाव खत्म होते ही वे जनता को भिखारी बना देते हैं, अपमानित करते हैं और घर जाने पर कुत्ते छोड़ देते हैं या दरवाजा तक नहीं खोलते.हम लोग इनके पीछे-पीछे घूमते हैं, लेकिन ये हमको कुछ नहीं समझते। चुनाव के बाद ये लोग सिर्फ पैसे बनाते हैं. गुजरात में कई ऐसे विधायक हैं जिनके पास 100 करोड़ से ज्यादा की दौलत है; जो कल तक स्कूटर पर घूमते थे, आज उनके पास लंबी-लंबी गाड़ियां और महल हैं. यह सारा पैसा चोरी का है. चुनाव जीतने के बाद ये नेता सिर्फ अपने बच्चों, रिश्तेदारों और दोस्तों का ही भला करते हैं.
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को क्रिकेट बोर्ड (BCCI) का चेयरमैन बनाना था. देश में 40 करोड़ और गुजरात में 2 करोड़ युवा हैं, जिनमें से कई बहुत अच्छा क्रिकेट खेलते हैं और उन्हें खेल का ज्ञान है, लेकिन प्रधानमंत्री को वे युवा नहीं दिखाई दिए और उन्होंने अमित शाह के बेटे को चेयरमैन बना दिया. उन्होंने कहा कि जब बीसीसीआई का चेयरमैन बनाना है, तब मेरा बेटा, मेरा भतीजा.जब वोट मांगने होते हैं, तब जनता के पास आते हैं. आम जनता के बच्चों को क्यों नहीं बनाया गया, क्या उनमें कोई कमी थी? उन्होंने कहा कि 2 करोड़ युवाओं में कोई तो होगा, जो बीसीसीआई का चेयरमैन बन जाता. जय शाह में ऐसी कौन सी खूबी है कि वह BCCI का चेयरमैन बन गया?.उन्होंने गुजरात की जनता से अपील की कि इस बार यह व्यवस्था बदलनी है और ऐसी सरकार बनानी है जो सच में जनता की सरकार हो.
‘मैं कभी अपने बच्चों को टिकट नहीं दूंगा’
उन्होंने आगे कहा कि मैं कभी अपने बच्चों को टिकट नहीं दूंगा और वे कभी राजनीति के अंदर नहीं आएंगे.उन्होंने गुजरात के आप नेताओं का उदहारण देते हुए बताया कि इसुदान गढ़वी एक पत्रकार थे, उनके बाप-दादा या दूर-दूर तक कोई भी रिश्तेदार नेता नहीं है. इसी तरह चैतर वसावा भी आम और साधारण परिवार से आते हैं, उनका भी दूर-दूर तक कोई रिश्तेदार नेता नहीं है. विसावदर विधायक गोपाल इटालिया पुलिस में एक छोटी सी नौकरी करते थे. उनका भी कोई रिश्तेदार नेता नहीं है. हेमंत खावा, सागर भाई, प्रवीण भाई, बृजभूषण भाई और बृजराज भाई समेत जितने भी आप नेता हैं, वे सभी आम गुजराती हैं, आम गुजरात के बच्चे हैं, आम गुजरात के परिवारों से आए हुए हैं और जनता के ही बच्चे हैं. उन्होंने वादा किया कि जब चुनाव आएंगे और हम टिकट देंगे, तो हम जनता के बच्चों को टिकट देंगे, नेताओं के बच्चों को टिकट नहीं देंगे. उन्होंने लोगों से कहा कि वे अपने बच्चों से कहें कि सब लोग आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर लें, उनके बच्चों को टिकट मिलेगी.
‘इस बार जनता की सरकार बनेगी’
अरविंद केजरीवाल ने लोगों से अपनी सरकार बनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी पार्टी की सरकार नहीं बनेगी, इस बार जनता की सरकार बनेगी, आपकी सरकार बनेगी और जो जनता कहेगी, सरकार वैसे ही चलेगी. उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार नहीं बनेगी, बल्कि इस बार मल्टीपल इंजन की सरकार बनेगी. इसमें किसान, व्यापारी, महिला और युवा इंजन होंगे और इस तरह मल्टीपल इंजन की सरकार बनेगी. उन्होंने कहा कि इस बार खूब सारे इंजन होंगे, पूरा गुजरात और गुजरात के 6 करोड़ लोग उसके इंजन होंगे और वे गुजरात को तरक्की के रास्ते पर लेकर जाएंगे.



