साधुओं की हत्या को लेकर अखिलेश-प्रियंका का योगी सरकार पर हमला, कार्रवाई की मांग

नोएडा, राजसत्ता एक्सप्रेस। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में हुई दो साधुओं की निर्मम हत्या को लेकर योगी सरकार विरोधियों के निशाने पर है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर सीएम योगी पर हमला बोला है। अखिलेश ने साधुओं की हत्या पर राजनीति ना करने की सलाह दी है तो प्रियंका ने सरकार को आड़े हाथ लिया है।

क्या बोलीं प्रियंका गांधी?
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर सरकार से इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘अप्रैल के पहले 15 दिनों में ही उप्र में सौ लोगों की हत्या हो गई। तीन दिन पहले एटा में पचौरी परिवार के 5 लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए। कोई नहीं जानता उनके साथ क्या हुआ। आज बुलंदशहर में एक मंदिर में सो रहे दो साधुओं को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। ऐसे जघन्य अपराधों की गहराई से जांच होनी चाहिए और इस समय किसी को भी इस मामले का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। निष्पक्ष जांच करके पूरा सच प्रदेश के समक्ष लाना चाहिए। यह सरकार की ज़िम्मेदारी है।’

हत्या पर ना हो राजनीति : अखिलेश यादव
वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि इस मुद्दे पर राजनीति ना होकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। अखिलेश ने ट्वीट कर कहा कि उप्र के बुलंदशहर में मंदिर परिसर में दो साधुओं की नृशंस हत्या अति निंदनीय व दुखद है। इस प्रकार की हत्याओं का राजनीतिकरण न करके, इनके पीछे की हिंसक मनोवृत्ति के मूल कारण या आपराधिक कारण की गहरी तलाश करने की आवश्यकता होती है। इसी आधार पर समय रहते न्यायोचित कार्रवाई करनी चाहिए।

क्या है मामला?
ये घटना अनूपशहर कोतवाली के गांव पगोना की है। यहां सोमवार देर रात एक मंदिर में दो साधुओं की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। साधुओं की पहचान जगदीश (55 वर्ष) और शेर सिंह (35 वर्ष) के रूप में हुई है। इस हत्या का पता तब चला जब लोग पूजा करने मंदिर पहुंचे। लोगों ने साधुओं के शव मिलने की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जैसे ही साधुओं की हत्या की खबर इलाके में फैली, दर्जनों लोग मंदिर परिसर में इकट्ठा हो गए और साधु की हत्या के विरोध में नारेबाजी करने लगे। लोगों के रोष को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात कर दी है। फिलहाल पुलिस दोषियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।