अखिलेश यादव की BJP और अधिकारियों को खुली चेतावनी, फॉर्म-6 में फर्जीवाड़ा हुआ तो जनता सिखाएगी सबक!

अखिलेश यादव की BJP और अधिकारियों को खुली चेतावनी, फॉर्म-6 में फर्जीवाड़ा हुआ तो जनता सिखाएगी सबक!

उत्तर प्रदेश में SIR के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होते ही सियासी घमासान तेज हो गया है। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा और सरकारी अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा अपनी संभावित हार को देखते हुए अधिकारियों पर दबाव बनाकर वोटर लिस्ट में गैरकानूनी तरीके से नाम जुड़वाने की कोशिश कर रही है। अखिलेश ने साफ कहा कि अगर फॉर्म-6 के जरिए किसी तरह की गड़बड़ी या फर्जीवाड़ा किया गया तो जनता इसका जवाब देगी।

सपा प्रमुख ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि फॉर्म-6 में गड़बड़ी करने वालों को जनता छठी का दूध याद दिला देगी। उन्होंने ASDD यानी Absent, Shifted, Dead or Duplicate नामों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरे नामों के जरिए फर्जी वोट जोड़ने की साजिश हो सकती है। हालांकि, ये आरोप अखिलेश यादव ने लगाए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस पूरी प्रक्रिया पर बूथ स्तर से लेकर निर्वाचन आयोग तक नजर रखेगी।

एक-एक नए वोट पर रहेगी सपा की नजर

अखिलेश यादव ने बताया कि पार्टी ने मतदाता सूची की निगरानी के लिए संगठनात्मक स्तर पर तैयारी की है। बूथ प्रभारी, पीडीए प्रहरी, घोषित और संभावित प्रत्याशी, प्रदेश, जिला और विधानसभा स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक नए जुड़ने वाले हर वोट पर नजर रखेंगे।

उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसी व्यवस्था बना रही है, जिससे आम नागरिक भी अपने आसपास जुड़ने वाले नए मतदाताओं के नाम पर नजर रख सके। अखिलेश के मुताबिक, एक-एक वोट का हिसाब मांगा जाएगा और किसी भी तरह की बेईमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि अगर किसी व्यक्ति का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची में जोड़ा जाता है तो उसके लिए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ सबूत जुटाकर तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। पार्टी इस मामले को निर्वाचन आयोग तक ले जाएगी।

भ्रष्ट अधिकारियों को जेल भेजने की दी चेतावनी

अखिलेश यादव ने अपने बयान में अधिकारियों को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अगर कोई अधिकारी गलत तरीके से वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने की प्रक्रिया में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। सपा प्रमुख ने दोषी अधिकारियों को नौकरी से बर्खास्त कराने, उनकी पेंशन और फंड रुकवाने तथा उन्हें सजा दिलाने तक लड़ाई लड़ने की बात कही।

उन्होंने यहां तक कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों का अगला पड़ाव कारागार होगा। अखिलेश ने दावा किया कि इस कथित लोकतांत्रिक अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि उन्हें यह समझना चाहिए कि मुश्किल वक्त आने पर भाजपा उनका साथ नहीं देगी।

अवैध संपत्ति की जांच कराने की भी बात कही

सपा अध्यक्ष ने भ्रष्टाचार के आरोपों के साथ अधिकारियों की संपत्ति का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों को लगता है कि उन्होंने इतना पैसा कमा लिया है कि उनकी सात पुश्तें बैठकर खा सकती हैं, उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि उनकी जमीन-जायदाद पर भी जनता की नजर है।

अखिलेश ने चेतावनी दी कि अगर जांच में अवैध संपत्ति का मामला सामने आता है तो कानून के मुताबिक उसे जब्त कराने की कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “जनता की स्पष्ट चेतावनी है : न कोई बेईमान बचेगा, न किसी बेईमान को छोड़ा जाएगा।” अपने बयान का समापन उन्होंने ‘जय संविधान-जय हिंदुस्तान’ के नारे के साथ किया।

SIR के बाद फॉर्म-6 को लेकर क्यों बढ़ी सियासी हलचल?

दरअसल, उत्तर प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद अब नए नाम जोड़ने और गलतियों में सुधार की प्रक्रिया चल रही है। फॉर्म-6 के जरिए पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसी प्रक्रिया को लेकर अखिलेश यादव ने फर्जी नाम जोड़े जाने की आशंका जताई है और पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

खबर के मुताबिक, चुनाव आयोग ने आबादी के अनुपात में 2.58 करोड़ मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में नहीं होने की बात कही है। इन पात्र लोगों को सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। ऐसे में नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया पर राजनीतिक दलों की निगरानी बढ़ गई है। अब देखना होगा कि सपा की ओर से उठाए गए सवालों पर निर्वाचन आयोग और भाजपा क्या प्रतिक्रिया देते हैं।