UP Election 2027: मथुरा से BJP ने बनाया सत्ता वापसी का प्लान! श्रीकृष्ण जन्मभूमि, UCC समेत इन 5 मुद्दों पर रहेगा पूरा फोकस

UP Election 2027: मथुरा से BJP ने बनाया सत्ता वापसी का प्लान! श्रीकृष्ण जन्मभूमि, UCC समेत इन 5 मुद्दों पर रहेगा पूरा फोकस

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ पार्टी अब चुनावी रणनीति को नया रूप देने में जुटी है। मथुरा में आयोजित दो दिवसीय चिंतन शिविर में मिशन-2027 को लेकर पांच बड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इनमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण, समान नागरिक संहिता (UCC), विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर, कानून-व्यवस्था और राष्ट्रवाद शामिल हैं। पार्टी की कोशिश है कि इन मुद्दों के जरिए धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के साथ सरकार के विकास कार्यों को भी जनता के बीच रखा जाए।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का मुद्दा फिर चर्चा में

मथुरा के चिंतन शिविर में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जिस तरह अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बना है, उसी तरह भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भी मंदिर बनेगा।

उन्होंने कहा, ‘अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी।’ मौर्य के मुताबिक, मंदिर निर्माण का रास्ता न्यायिक प्रक्रिया या आपसी बातचीत से निकल सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में इस संभावना पर भी चर्चा हुई कि 2027 में दोबारा सरकार बनने के बाद अगले छह महीनों के भीतर मंदिर निर्माण की दिशा में प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य रखा जाए। इसके लिए कानूनी और प्रशासनिक विकल्पों पर विचार करने की बात भी सामने आई।

UCC लागू करने का वादा भी चुनावी एजेंडे में शामिल

बीजेपी के पांच प्रमुख मुद्दों में समान नागरिक संहिता यानी यूनिफॉर्म सिविल कोड को भी जगह दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि 2027 में उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने पर UCC लागू किया जाएगा।

पार्टी का तर्क है कि अलग-अलग समुदायों के व्यक्तिगत कानूनों की जगह सभी नागरिकों के लिए समान कानून होना चाहिए। ऐसे में चुनाव से पहले बीजेपी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठा सकती है।

एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और रोजगार पर भी रहेगा जोर

बीजेपी केवल धार्मिक मुद्दों के सहारे चुनाव लड़ने की तैयारी में नहीं है। पार्टी के एजेंडे में इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास को भी अहम स्थान दिया गया है।

सड़क, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, औद्योगिक निवेश और रोजगार जैसे विषयों के जरिए सरकार अपने कामकाज को जनता के सामने रख सकती है। अयोध्या और काशी के विकास के साथ मथुरा-वृंदावन और ब्रज क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन तथा बुनियादी सुविधाओं को भी चुनावी प्रचार में प्रमुखता मिलने की संभावना है।

कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर विपक्ष को घेरेगी BJP

पार्टी की रणनीति में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा भी बड़ा मुद्दा है। बीजेपी 2017 से पहले और उसके बाद की स्थिति की तुलना करते हुए अपराध नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा, माफिया के खिलाफ कार्रवाई और पुलिस व्यवस्था में सुधार को जनता के बीच ले जा सकती है।

इसके जरिए पार्टी विपक्ष के शासनकाल पर भी सवाल उठाने की तैयारी में है।

राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक विरासत से साधेगी सियासी समीकरण

बीजेपी के पांचवें मुद्दे में राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक विरासत शामिल हैं। अयोध्या में राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम के विकास के बाद अब मथुरा को लेकर पार्टी की सक्रियता बढ़ती दिखाई दे रही है।

कुल मिलाकर मथुरा के चिंतन शिविर में मिशन-2027 की जो रणनीति सामने आई है, उसमें विकास और कानून-व्यवस्था के साथ धार्मिक-सांस्कृतिक मुद्दों को भी बराबर महत्व दिया गया है। अब देखना होगा कि बीजेपी इन पांच मुद्दों को चुनावी मैदान में किस तरह जनता के सामने रखती है और इसका राजनीतिक समीकरणों पर क्या असर पड़ता है।