उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में एक SDM को घर के ड्राइंग रूम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हाईकोर्ट में पेश होना भारी पड़ गया। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस तरीके पर कड़ी नाराजगी जताते हुए SDM और जिलाधिकारी (DM) दोनों से स्पष्टीकरण मांग लिया। अदालत ने सवाल किया कि जब अधिकारी को न्यायालय के सामने पेश होना था, तो उन्हें सरकारी कार्यालय के बजाय घर से जुड़ने की अनुमति कैसे दी गई? SDM ने सफाई में कहा कि उनके घर पर इंटरनेट की सुविधा बेहतर थी और उन्होंने जिलाधिकारी की अनुमति से वहां से पेशी दी थी। हालांकि, कोर्ट इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ।
जस्टिस सौरभ श्याम शमशेरी की पीठ ने कहा कि अगर SDM के कार्यालय में इंटरनेट की सुविधा ठीक नहीं थी, तो जिलाधिकारी उन्हें अपने कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने की व्यवस्था दे सकते थे।
क्या है पूरा मामला? ग्राम प्रधान के चुनाव से जुड़ा है विवाद
यह मामला सुनील की ओर से दाखिल एक रिट याचिका की सुनवाई के दौरान सामने आया। सुनील ग्राम प्रधान के चुनाव में निर्वाचित हुए थे। उन्होंने चुनाव में हारे हुए उम्मीदवार की ओर से दाखिल चुनाव याचिका में पारित आदेशों को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
जानकारी के मुताबिक, चुनाव याचिका को 5 जुलाई 2024 को विस्तृत आदेश के जरिए खारिज कर दिया गया था। इसके बाद हारे हुए उम्मीदवार ने 25 जुलाई 2024 को पुनर्विचार आवेदन दाखिल किया।
1 अप्रैल 2025 को SDM (न्यायिक) ने इस आवेदन को स्वीकार करते हुए चुनाव याचिका खारिज करने वाले पुराने आदेश को महज पांच पंक्तियों के आदेश से रद्द कर दिया। हाईकोर्ट ने पाया कि इस आदेश में पुनर्विचार आवेदन स्वीकार करने की कोई वजह नहीं बताई गई थी। यह भी स्पष्ट नहीं था कि संबंधित पक्षों को सुनवाई का मौका दिया गया या नहीं।
पहले रद्द आदेश को दोबारा रद्द करने पर कोर्ट ने उठाए सवाल
मामले में 30 जुलाई 2025 को पुनर्विचार आवेदन पर दोबारा आदेश पारित किया गया। इस बार आदेश में कुछ कारण बताए गए और पहले के आदेश को फिर रद्द कर दिया गया।
हाईकोर्ट ने इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब 1 अप्रैल 2025 के आदेश को पहले ही रद्द किया जा चुका था, तो 30 जुलाई को उसे दोबारा रद्द करने का कानूनी आधार क्या था?
अदालत के मुताबिक, इस सवाल का संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसी वजह से दोनों आदेश पारित करने वाले चित्रकूट के SDM (न्यायिक) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया।
SDM की सफाई से संतुष्ट नहीं हुआ हाईकोर्ट
सुनवाई के दौरान SDM ने बताया कि 1 अप्रैल 2025 का आदेश इसलिए पारित किया गया था, क्योंकि दूसरे पक्ष ने पुनर्विचार आवेदन पर अपना जवाब दाखिल नहीं किया था। हालांकि, वह यह स्पष्ट नहीं कर सके कि आवेदन स्वीकार करने के पीछे आदेश में कोई ठोस कारण क्यों दर्ज नहीं किया गया।
SDM ने कहा कि 30 जुलाई 2025 के आदेश में कारणों का उल्लेख किया गया था। इस पर हाईकोर्ट ने फिर सवाल किया कि पहले ही रद्द किए जा चुके आदेश को दोबारा रद्द करने की अनुमति किस कानूनी प्रावधान के तहत दी गई थी। अदालत के अनुसार, SDM ऐसा कोई कानूनी प्रावधान भी नहीं बता सके।
दोनों आदेश रद्द, चार सप्ताह में नए सिरे से फैसला लेने का निर्देश
हाईकोर्ट ने 1 अप्रैल 2025 और 30 जुलाई 2025 के दोनों विवादित आदेशों को रद्द कर दिया है। साथ ही संबंधित अधिकारी को पुनर्विचार आवेदन पर नए सिरे से सुनवाई करके चार सप्ताह के भीतर फैसला लेने का निर्देश दिया है।
अदालत ने दोनों पक्षों को 26 नवंबर 2026 को संबंधित प्राधिकारी के सामने उपस्थित होकर अपना जवाब और दलीलें पेश करने को कहा है।
SDM के खिलाफ जांच पर मुख्य सचिव करेंगे फैसला
हाईकोर्ट ने अपने आदेश की प्रति उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज विभाग के मुख्य सचिव को भेजने का निर्देश भी दिया है। मुख्य सचिव यह तय करेंगे कि SDM का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उनके खिलाफ जांच शुरू की जानी चाहिए या नहीं।
इसके अलावा अदालत ने जिलाधिकारी को भी सरकारी अधिकारियों की न्यायालय में पेशी को लेकर सतर्क किया। पीठ ने कहा कि DM की जिम्मेदारी है कि वे अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होते समय जरूरी शिष्टाचार और न्यायालय की मर्यादा का पालन करने की सलाह दें।

