अमित शाह का दावा, उत्तर प्रदेश से 74 सीटें जीतेगी भाजपा

अमित शाह

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार देर रात राजधानी लखनऊ में भाजपा उम्मीदवार और देश के गृह मंत्री राजनाथ सिंह के समर्थन में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा उत्तर प्रदेश से 74 सीटें जीतेगी। अमित शाह ने कहा कि दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर गुजरता है। ऐसा में यहां की सीट हम भारी अंतर से जीतने जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने भाजपा शासन काल की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाया। कहा कि पूर्वांचल में रेल कोच फैक्ट्री के अलावा इतने ढेर सारे काम हुए हैं, उनको मैं गिनाने बैठूं तो सात दिन की भागवत कथा में भी इन कामों को गिनाया नहीं जा सकेगा।

इतने काम नरेन्द्र मोदी, राजनाथ और योगी आदित्यनाथ के त्रिकोण के कारण हुए हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूरा देश कांग्रेस के शासन में नक्सलवाद से ग्रस्त था। राजनाथ देश के गृह मंत्री बने और मोदी प्रधानमंत्री और नक्सलवाद का जो उस समय विस्तार था वो सिकुड़ते-सिकुड़ते आज मात्र 15 प्रतिशत तक सीमित रह गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आतंकवादियों को सीधा करने का काम किया है। जम्मू कश्मीर में आतंकी घटनाएं होती थी, लेकिन जम्मू कश्मीर लिब्रेशन फ्रंट और जमात ए इस्लामी पर कोई प्रतिबन्ध नहीं लगाता था। मोदी सरकार ने इन अलगाववादी संगठनों पर प्रतिबन्ध लगाने का काम किया है। सपा और बसपा पर हमला बोलते हुए श्री शाह ने कहा कि बुआ-भतीजा ने बारी-बारी से जब भी उत्तर प्रदेश में शासन किया, उन्होंने भ्रष्टाचार और जातिवाद करने के अलावा कुछ नहीं किया।

हार्दिक पटेल ने भाजपा को बताया आस्तीन का सांप

मोदी सरकार ने किसी की भी जाति नहीं पूछी, जो गरीब था उसके घर में गैस, बिजली, शौचालय पहुंचाया। आगे कहा कि सपा-बसपा की सरकारों में गुंडे यूपी के लोगों को परेशान करते थे। पुलिस वाले गुंडों से डरते थे। लेकिन, अब योगी की सरकार ने गुंडों को उल्टा लटकाकर सीधा किया है। पहले गुंडों के कारण लोगों को पलायन करना पड़ता था, आज गुंडे पलायन कर रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी और बुआ-भतीजा आप सब आतंकवादियों के साथ इलू-इलू करो, लेकिन ये मोदी सरकार है, अगर पाकिस्तान की तरफ से गोली आएगी तो इधर से गोला जाएगा। हम ईंट का जवाब पत्थर से देंगे। अमित शाह ने कहा कि देश में कहीं भी जाइये मोदी सरकार के विकास कार्यों की चर्चा है। देश में पूरब, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण जहां भी मैं गया, सब जगह मोदी-मोदी की आवाज सुनाई देती है। इससे तय होता है कि देश की जनता ने नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया है।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज लखनऊ के सभी लोगों की जुबान पर यही है कि हमारा सांसद राजनाथ सिंह जैसा होना चाहिए। वहीं राजनाथ सिंह ने लखनऊ के लोगों से अपील किया कि चुनाव में लोकतंत्र की मर्यादा नहीं टूटनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कई राजनीतिक पार्टियों ने लोकतंत्र की मार्यादा भुला दी है। विरोधियों ने हमारी सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाए। सुप्रीम कोर्ट के कहने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अपने बयान पर माफी मांगनी पड़ी है। श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ाया है। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले और उप्र के उप मुख्यमंत्री डा0 दिनेश शर्मा ने भी जनसभा को संबोधित किया।

Previous articleखाद्यान्न घोटाले में 44 के खिलाफ एफआईआर
Next articleशनि अमावस्या आज, इन राशियों को शनिदेव होंगे मेहरबान