भाजपा और कांग्रेस एक सिक्के के दो पहलू, इनके एजेंडे में न तो विकास न ही रोजगार: अखिलेश

अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि भाजपा और कांग्रेस एक सिक्के के दो पहलू है। यादव ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों एक हैं और इन दोनों राजनैतिक दलों की नीतियां जनविरोधी है। इनके एजेण्डे में न तो विकास है और न ही स्थायी रोजगार। भाजपा- कांग्रेस दोनों राजनीतिक दलों की नीति और नीयत किसानों के प्रति ईमानदार नहीं है। इन दोनों दलों पर अब जनता को भरोसा नहीं रह गया है। इसीलिये इनके वायदों पर भी किसी को विश्वास नही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार के पांच वर्षों और राज्य सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में आपसी सौहार्द और भाईचारा बिगड़ा है। दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, किसानों, महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनायें लगातार बढ़ रही है। छोटे-मझोले व्यापारियों के काम-धंधे संकट में आ गए है। भाजपा सरकार की कुनीतियों से देश में हताशा का माहौल व्याप्त हो गया है।

कल केशव प्रसाद मौर्य सहित भाजपा के कई दिग्गज करेंगे जनसभाओं को संबोधित

यादव ने कहा कि जनता के हित में समाजवादी पार्टी ने गठबंधन किया है। लोकतंत्र में जनविश्वास को सुदृढ़ करने के लिये ही यह गठबंधन हुआ है। आजादी के सत्तर सालों में जिन्हें हक और सम्मान नहीं मिला उनकी लड़ाई लड़ने का काम यह गठबंधन करेगा। एक तरफ गठबंधन संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर भाजपा संविधान और इसके आरक्षण सम्बंधी प्रावधान को खत्म करना चाहती है। भाजपा का रवैया लोकतंत्र में अपनी मनमानी थोपने का है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि यह चुनाव महापरिवर्तन का है।

देश में शिक्षा-स्वास्थ्य-रोजगार की समस्या के समाधान के लिये महागठबंधन की केन्द्र में सरकार बनना जरूरी है। समाजवादी सरकार के माध्यम से उत्तर प्रदेश की जनता को खुशहाल और समृद्ध बनाने का कार्य किये गए। उसी प्रकार की नीतियों को पूरे देश में लागू करने की आवश्यकता है। देश की तरक्की और नया प्रधानमंत्री बनाने के लिये सम्मानित मतदाताओं को गठबंधन के प्रत्याशियों को अपना अमूल्य समर्थन और सहयोग देना चाहिए। इसी से महापरिवर्तन का मजबूत रास्ता खुलेगा और देश को नया प्रधानमंत्री और नयी सरकार मिलेगी।

Previous articleकल केशव प्रसाद मौर्य सहित भाजपा के कई दिग्गज करेंगे जनसभाओं को संबोधित
Next articleमोटापे का है रामबाण इलाज़, वजन घटाना है तो हर रोज खाएं ये 5 चीजें