लखनऊ में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का भव्य स्वागत, एयरपोर्ट से पार्टी कार्यालय तक निकला रोड शो

लखनऊ में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का भव्य स्वागत, एयरपोर्ट से पार्टी कार्यालय तक निकला रोड शो

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और सरकार के कई मंत्रियों ने उनका स्वागत किया।

एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी विशेष रूप से सजाए गए वाहन में सवार होकर पहुंचे। इस दौरान सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया। पूरे मार्ग पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

यह दौरा आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र बेहद अहम माना जा रहा है। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान नितिन नवीन संगठन की विभिन्न बैठकों में हिस्सा लेंगे और शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वह भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, एनडीए सहयोगी दलों के नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे।

शनिवार शाम उनका हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन का भी कार्यक्रम है। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। वहीं, भाजपा की कोर कमेटी के साथ भी संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा होगी।

रविवार को नितिन नवीन भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से संवाद करेंगे और एनडीए सहयोगी दलों के नेताओं के साथ संयुक्त बैठक करेंगे। इसके बाद वह राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पहुंचकर शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे तथा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे।