स्थानीय नेताओं में अलग-थलग पड़े तेजस्वी के चुनाव प्रचार में उतरे भाजपा अध्यक्ष

भाजपा अध्यक्ष

बेंगलुरु: कर्नाटक की बेंगलुरु दक्षिण सीट से भाजपा उम्मीदवार तेजस्वी सूर्या के रोड शो में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह भी शामिल हुए। सूर्या को उम्मीदवार बनाए के बाद कर्नाटक भाजपा के कई नेता उनका विरोध कर रहे हैं, लेकिन अमित शाह ने खुद रोड शो करके प्रदेश भाजपा को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि सूर्या को केंद्रीय नेतृत्व का पूरा समर्थन हासिल है। उधर भाजपा ने डैमेज कंट्रोल करते हुए इस सीट की सबसे प्रबल दावेदार अनंत कुमार की पत्नी तेजस्विनी को कर्नाटक भाजपा का उपाध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। टिकट कटने से नाराज तेजस्विनी के बीते दिनों भाजपा छोड़ने की चर्चा थी।

भाजपा के हाईकमान ने ही सूर्या के नाम पर मुहर लगाई थी, तो यह प्रदेश अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा और पूर्व उप मुख्यमंत्री आर अशोक समेत कई स्थानीय नेताओं को रास नहीं आया। कर्नाटक के एक पूर्व मंत्री वी सोमन्ना ने तेजस्वी सूर्या का खुलकर विरोध किया था। यह सीट दिवगंत नेता अनंत कुमार का गढ़ मानी जाती है। वह इस सीट से लगातार 6 बार सांसद रह चुके थे। पिछले साल उनके निधन के बाद यह सीट खाली हुई है।

इस सीट से पहले उनकी पत्नी तेजस्विनी को टिकट दिया जाना था। सबकुछ लगभग तय हो चुका था और कर्नाटक भाजपा की ओर से उनका नाम दिल्ली भेज दिया गया था लेकिन हाईकमान ने 28 साल के ऐडवोकेट और प्रदेश युवा भाजपा के महासचिव तेजस्वी सूर्या को अनंत कुमार का उत्तराधिकारी बनने के लिए चुना। बताया जा रहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय संगठन सचिव बीएल संतोष और अमित शाह ने प्रदेश यूनिट की सिफारिश को नकारते हुए नौसिखिए सूर्या का समर्थन किया था।

इसके बाद स्थानीय नेताओं से समर्थन न मिलने की वजह से सूर्या अकेले पड़ गए थे, जिससे उनका चुनाव प्रचार भी शुरू नहीं हो पा रहा था। अमित शाह की जानकारी में इसे लाने के बाद उन्होंने तय किया कि वह खुद रोड शो के जरिए सूर्या का प्रचार करेंगे और पार्टी नेताओं को सिग्नल देंगे कि सूर्या को पार्टी नेतृत्व से समर्थन मिला हुआ है। उन्होंने मंगलवार को बाणशंकरी मंदिर से रोड शो की शुरुआत की और इसके बाद जेपी नगर गए। इस दौरान उनके साथ तेजस्वी के अलावा येदियुरप्पा और तेजस्विनी अनंत कुमार भी मौजूद रहीं। उधर भाजपा ने डैमेज कंट्रोल करते हुए तेजस्विनी को कर्नाटक भाजपा का उपाध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। टिकट कटने से नाराज तेजस्विनी के बीते दिनों भाजपा छोड़ने की चर्चा थी।

Previous articleबीजेपी ने उम्मीदवारों की नई लिस्ट जारी की, निरहुआ को आजमगढ़ से मिला टिकट
Next articleकेजरीवाल बनने वाराणसी जा रहे हैं चंद्रशेखर उर्फ़ रावण!