मुस्लिम गढ़ से बसपा-सपा-रालोद गठबंधन का आज होगा चुनावी आगाज, साधेंगे सियासी समीकरण

गठबंधन

लखनऊ: लोकसभा चुनाव फतह करने के लिए यूपी में बने सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के नेता कल सहारनपुर के देवबंद से सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ चुनावी समीकरण साधेंगे। मुस्लिम बहुल देवबंद से ही गठबंधन के चुनावी अभियान का आगाज हो रहा है। गठबंधन की इस पहली रैली में सहारनपुर के साथ ही कैराना, बिजनौर व मुज्जफरनगर लोकसभा सीटों के प्रत्याशियों के समर्थन में होगी। सहारनपुर सीट के देवबंद से चुनावी आगाज करने के पीछे गठबंधन के नेताओं का मकसद पश्चिमी यूपी में जाट, जाटव, गुर्जर और मुस्लिम समीकरण साधना है।

देवबंद मुस्लिमों का गढ़ है। यूपी विधानसभा के 2017 में हुए चुनाव में देवबंद से ही भाजपा की जीत का खाता खुला था। पश्चिमी यूपी में भाजपा को कमजोर कर लोकसभा में अपनी संख्या बढ़ाने के लिए यहां के प्रमुख जाट नेता रालोद प्रमुख चौ. अजित सिंह को बसपा नेत्री मायावती और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गठबंधन में शामिल किया है। मगर कांग्रेस ने सहारनपुर में मुस्लिम बिरादरी के इमरान मसूद को टिकट दिया है, जबकि गठबंधन के उम्मीदवार हाजी फजलुर्रहमान हैं।

यही वजह है कि गठबंधन के नेता अपने चुनावी अभियान की शुरूआत रविवार को देवबंद से कर रहे हैं। देवबंद में गठबंधन की रैली जामिया तिब्बिया मेडिकल कालेज के निकट आयोजित की गयी है। रैली में बसपा अध्यक्ष मायावती, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद के अध्यक्ष चौ. अजित सिंह शिरकत करेंगे। इसके बाद पश्चिमी यूपी की महत्वपूर्ण सीट बागपत में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रालोद के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी के पक्ष में अगले दिन 8 अप्रैल को रैली करेंगे।

इस रैली में रालोद अध्यक्ष चौ. अजित सिंह रहेंगे। मगर बसपा प्रमुख मायावती मौजूद नहीं रहेंगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को ही गाजियाबाद में भी पार्टी प्रत्याशी सुरेश बंसल के पक्ष में चुनावी सभा करेंगे।

Previous articleहोशंगाबाद अग्निकांड: मृतक किसानों के परिजनों को चार-चार लाख, घायलों को 25-25 हजार का मुआवजा
Next articleसिद्धू को अपनी ही पार्टी से लग रहे झटके-दर-झटके, जिस ओएसडी को पत्नी के कहने पर हटाया गया, उसे दिया टिकट