चारधाम यात्रा में भक्तों का नया रेकॉर्ड, 56 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

चारधाम यात्रा में भक्तों का नया रेकॉर्ड, इतने लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के उत्साह ने चारधाम यात्रा में नया रेकॉर्ड बना दिया। इस बार सर्वाधिक 56 लाख से ज्यादा श्रद्धालु 22 अप्रैल से 18 नवंबर तक चारधाम चली यात्रा में शामिल हुए। पहली बार श्रद्धालुओं का आंकड़ा 55 लाख पार हुआ है। केदारनाथ धाम में सबसे ज्यादा 19.61 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। चारधाम यात्रा के लिए करीब 75 लाख तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 56.13 लाख से ज्यादा ने केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में दर्शन किए।

चारधाम यात्रा संपन्न होने के बाद दर्शन करने वालों के अधिकृत आंकड़े रविवार को जारी किए गए। उत्तराखंड सरकार को चारधाम यात्रा में 50 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचने की उम्मीद थी। पिछले साल चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा में 46.29 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे। इससे पहले 2021 और 2020 में कोविड काल में चारधाम यात्रा पूर्ण रूप से संचालित नहीं हो पाई थी। वर्ष 2021 में 5.29 लाख और 2020 में 3.30 लाख तीर्थयात्री पहुंचे थे। वर्ष 2019 में 34.77 लाख से ज्यादा श्रद्धालु यात्रा में आए थे। गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ चार धाम यात्रा का समापन हो गया।
शनिवार को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद हुए। इससे पहले केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट 15 नवंबर को बंद हुए थे। गंगोत्री धाम के कपाट 14 नवंबर को बंद किए गए थे। 

कहां कितने श्रद्धालु
केदारनाथ 19,61,025
बदरीनाथ 18,34,729
गंगोत्री 9,05,174
यमुनोत्री 7,35,244
हेमकुंड साहिब 1,77,463
कुल 56,13, 635

Previous articleअनुष्का के गले लगते ही फूटकर रोए विराट कोहली! फोटो वायरल
Next articleडीआरडीओ ने बनाया खास पेंट, चीन और पाकिस्तान के राडार को देगा चकमा