धोनी के समर्थन में आई CSK, पीटरसन की टांग खिंचाई पर यूं दिया शानदार जवाब

राजसत्ता एक्सप्रेस, स्पोर्ट्स डेस्क। लॉकडाउन के बीच क्रिकेटर्स भी घर बैठे सोशल मीडिया के जरिए मौज ले रहे हैं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने भी भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की टांग खिंचाई की है। इसके बाद धोनी की आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने धोनी के समर्थन में एक ट्वीट किया और पीटरसन को मजेदार जवाब भी दिया। चेन्नई सुपर किंग्स का शानदार रिप्लाई सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दरअसल, पीटरसन ने ट्विटर पर एक फोटो शेयर की है। इस फोटो में पीटरसन धोनी से बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीटरसन ने इस फोटो को शेयर करते हुए लिखा, “हे धोनी, आप वहां मेरे लिए फील्डर क्यों नहीं रखते? आप लोगों के खिलाफ रन करना कितना आसान है।”

धोनी पर पीटरसन की ओर से ली गई मौज को लेकर किया गया ये ट्वीट सोशल मीडिया पर काफी वायरल होने लगा। तमाम क्रिकेट फैंस इस पर अपनी प्रतिक्रिया देने लगे। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने भी मजेदार जवाब दिया। सीएसके ने ट्विटर पर एक तस्वीर शेयर की और उसके साथ एक मजेदार कैप्शन दिया।

सीएसके ने एक फोटो ट्वीट की जिसमें धोनी पीटरसन को स्टम्पिंग करते दिखाई दे रहे हैं। इस फोटो के साथ चेन्नई ने लिखा, “कई बार फील्डर की जरूरत नहीं होती।”