दिवाली के बाद दिल्ली में प्रदूषण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार और बीजेपी को निशाने पर लिया है। उन्होंने दावा किया कि दिवाली की रात दिल्ली में AQI का स्तर 3336 तक पहुंच गया था। संजय सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 घंटे में 36 घंटे मेहनत करके भारत को दुनिया का नंबर-1 प्रदूषित देश बना दिया है। उन्होंने प्रदूषण को लोगों की सेहत और देश की अंतरराष्ट्रीय छवि से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।
प्रदूषण के आंकड़ों को लेकर सरकार पर सवाल
संजय सिंह ने दावा किया कि भारत में हर साल करीब 20 लाख लोगों की मौत प्रदूषण के कारण होती है। वहीं, अकेले दिल्ली में प्रदूषण से 30 हजार लोगों की जान जाने की बात कही। उन्होंने यह भी दावा किया कि दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में 99 भारत के हैं।
आप सांसद ने सरकारी प्रदूषण आंकड़ों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि निजी वेबसाइट और दूसरे माध्यमों से की गई AQI मॉनिटरिंग में प्रदूषण का स्तर सरकारी आंकड़ों से कई गुना अधिक दिखाई दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर प्रदूषण की वास्तविक स्थिति लोगों के सामने नहीं आएगी, तो उनकी सेहत को लेकर खतरा और बढ़ सकता है।
हार्ट अटैक और सांस की बीमारियों का भी किया जिक्र
संजय सिंह ने कहा कि प्रदूषण का असर केवल वातावरण तक सीमित नहीं रहता। इससे हार्ट अटैक, अस्थमा और सांस से जुड़ी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए था।
उनका आरोप है कि बीजेपी प्रदूषण पर ठोस कदम उठाने के बजाय आम आदमी पार्टी पर आरोप लगा रही है। संजय सिंह ने कहा कि इतने गंभीर मुद्दे पर जिम्मेदारी तय करने और समाधान तलाशने की जरूरत है, न कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की।
पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में 90 फीसदी कमी का दावा
बीजेपी नेता और मंत्री कपिल मिश्रा की ओर से पंजाब में पराली जलाने को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी संजय सिंह ने जवाब दिया। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में करीब 90 फीसदी की कमी आई है।
संजय सिंह के मुताबिक, पहले पंजाब में हर साल पराली जलाने की करीब 71 हजार घटनाएं होती थीं। साल 2022 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद इनमें लगातार गिरावट आई है। अब इनकी संख्या घटकर लगभग 3,500 से 4,000 रह गई है।
किसानों के समर्थन में उतरे संजय सिंह
आप सांसद ने बीजेपी पर पंजाब के किसानों को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के दौरान भी किसानों को निशाना बनाया गया था। अब पराली जलाने के मामले में भी पंजाब के किसानों और मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार के प्रयासों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
संजय सिंह का कहना है कि प्रदूषण जैसे गंभीर विषय पर राजनीति करने के बजाय केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर काम करना चाहिए। उनका जोर इस बात पर रहा कि लोगों की सेहत से जुड़े इस मुद्दे का समाधान राजनीतिक आरोपों से नहीं, बल्कि ठोस प्रयासों से निकलेगा।
