दिल्ली में छठ महापर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में घाटों को तैयार करने का काम चल रहा है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 13 नवंबर की शाम तक सभी छठ घाटों की तैयारियां पूरी कर ली जाएं। खास तौर पर पूर्वी दिल्ली के घाटों पर सुविधाओं और साफ-सफाई का ध्यान रखने को कहा गया है। इसके साथ ही बीजेपी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि छठ पर्व के दौरान 14 से 16 नवंबर तक कोई आंदोलन न किया जाए, ताकि व्रत रखने वाली महिलाओं और श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
हाथी घाट पहुंचकर हर्ष मल्होत्रा ने लिया तैयारियों का जायजा
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सरकार के मुख्य प्रवक्ता और लक्ष्मी नगर से विधायक अभय वर्मा के साथ ITO स्थित हाथी घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठ पर्व की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
मल्होत्रा ने कहा कि छठ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था और प्रकृति की उपासना से जुड़ा महापर्व है। इसमें स्वच्छता का विशेष महत्व रहता है। उन्होंने घाट की दीवारों पर आस्था से जुड़े सौंदर्यीकरण के काम की भी सराहना की।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दिल्ली के सभी घाटों पर जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं। पूर्वी दिल्ली के घाटों पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
14 से 16 नवंबर तक आंदोलन नहीं करने की अपील
छठ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए हर्ष मल्होत्रा ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि 14 से 16 नवंबर के बीच दिल्ली में कोई आंदोलन या प्रदर्शन न रखा जाए।
उन्होंने कहा कि इन तीन दिनों में व्रत रखने वाली महिलाओं को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालु बिना किसी बाधा के छठ महापर्व मना सकें, इसके लिए सभी राजनीतिक दलों को सहयोग करना चाहिए।
घाटों पर सेवा करेंगे बीजेपी के महिला और युवा कार्यकर्ता
इस बार बीजेपी के पूर्वांचल मोर्चा के साथ महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी घाटों पर सेवा वालंटियर के रूप में मौजूद रहेंगे। ये कार्यकर्ता श्रद्धालुओं की सहायता करेंगे और आयोजन के दौरान जरूरी सहयोग देंगे।
विधायक अभय वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद छठ महापर्व की तैयारियों पर लगातार नजर रख रही हैं। सरकार की कोशिश है कि घाटों पर आने वाले लोगों को सभी जरूरी सुविधाएं मिलें।
लक्ष्मी नगर के घाटों को मॉडल बनाने की तैयारी
अभय वर्मा ने कहा कि इस बार लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र के सभी छठ घाटों को मॉडल घाट के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए दिल्ली सरकार और नगर निगम के अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं।
निरीक्षण के दौरान बीजेपी पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा और पूर्व मेयर बिपिन बिहारी सिंह सहित दिल्ली सरकार और नगर निगम के संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। अब प्रशासन के सामने 13 नवंबर तक सभी तैयारियां पूरी करने की जिम्मेदारी है, ताकि पर्व के तीनों दिन श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिल सके।
