परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच टकराव तेज होने के संकेत हैं। संसद में इस बिल को पेश किए जाने की संभावना के बीच कांग्रेस ने सरकार को घेरने की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे INDIA गठबंधन के सभी फ्लोर लीडर्स के साथ बैठक कर सकते हैं। इस बैठक में विधेयक का विरोध करने और संसद में संयुक्त रणनीति तैयार करने पर चर्चा होगी। कांग्रेस की कोशिश है कि DMK भी परिसीमन के खिलाफ अपने रुख पर कायम रहे। पार्टी का कहना है कि वह महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का समर्थन करती है, लेकिन इसे परिसीमन से जोड़ने के पक्ष में नहीं है।
खरगे की बैठक में बनेगी विपक्ष की साझा रणनीति
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, संसद की आगामी कार्यवाही को लेकर INDIA गठबंधन के फ्लोर लीडर्स की बैठक बुलाने की तैयारी है। सभी नेताओं की उपलब्धता के आधार पर यह बैठक रविवार शाम या सोमवार सुबह संसद परिसर में खरगे के कक्ष में हो सकती है।
बैठक का मुख्य उद्देश्य संभावित परिसीमन विधेयक के खिलाफ विपक्ष की रणनीति को अंतिम रूप देना है। कांग्रेस का कहना है कि वह इस बिल को रोकने के लिए पूरी ताकत लगाएगी। पार्टी ने आरोप लगाया है कि सरकार इस विधेयक के जरिए 2029 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के पक्ष में राजनीतिक समीकरण तैयार करना चाहती है।
कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि प्रस्तावित विधेयक का महिला आरक्षण से सीधा संबंध नहीं है और यह संविधान तथा जनता की इच्छा के खिलाफ है।
महिला आरक्षण का समर्थन, लेकिन परिसीमन से अलग रखने की मांग
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह महिलाओं को संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के पक्ष में है। पार्टी के मुताबिक, सरकार महिला आरक्षण लागू करने के लिए विपक्ष का समर्थन चाहती है तो उसे इसे परिसीमन विधेयक से अलग रखना चाहिए।
कांग्रेस की रणनीति में DMK को साथ बनाए रखना भी अहम है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि DMK को मनाने की पूरी कोशिश की जाएगी, ताकि वह परिसीमन विधेयक का विरोध करने के अपने रुख पर कायम रहे।
दरअसल, तमिलनाडु में परिसीमन को लेकर पहले से चिंता जताई जाती रही है। राज्य की राजनीतिक पार्टियों को आशंका है कि इस प्रक्रिया से संसद में उनकी हिस्सेदारी प्रभावित हो सकती है। ऐसे में कांग्रेस इस मुद्दे पर विपक्षी एकजुटता बनाए रखने की कोशिश कर रही है।
जयराम रमेश बोले- संविधान का अपमान करने की कोशिश
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल 2026 को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के दिन सरकार ने परिसीमन से जुड़े विधेयकों को सार्वजनिक किया था, लेकिन 17 अप्रैल की रात संसद में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
रमेश ने अब संसद की बैठक बुलाने के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को उम्मीद है कि इस बार संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जुटा लिया जाएगा। उन्होंने इसे संविधान का अपमान और उस पर हमला बताया। उनके बयान में ‘ऑपरेशन लोटस’ का भी जिक्र रहा।
मनीष तिवारी ने विशेष सत्र के समय पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने भी संसद की आगामी बैठकों को लेकर सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि संसद का शीतकालीन सत्र बुलाने का समय आ गया है और विशेष सत्र की मांग संसद जैसी संस्था का मजाक बनाने जैसी है।
तिवारी के मुताबिक, विशेष सत्र का प्रावधान तब होता है, जब संसद के नियमित सत्र नहीं चल रहे हों। इसे नियमित शीतकालीन सत्र का विकल्प नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार नियमित शीतकालीन सत्र बुलाए और चाहे तो पहले खारिज हो चुके विधेयकों को दोबारा पेश करे।
सरकार की ओर से 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद की बैठकें बुलाने की तैयारी है। अब देखना होगा कि खरगे की बैठक में विपक्ष कितनी एकजुटता दिखा पाता है और परिसीमन विधेयक पर संसद में सरकार के सामने कितनी मजबूत चुनौती खड़ी होती है।



