परिसीमन बिल पर मोदी सरकार का बड़ा दांव! 360 वोटों का गणित, विपक्ष की गैरहाजिरी से पास हो सकता है विधेयक?

परिसीमन बिल पर मोदी सरकार का बड़ा दांव! 360 वोटों का गणित, विपक्ष की गैरहाजिरी से पास हो सकता है विधेयक?

महिला आरक्षण कानून को लागू करने की दिशा में केंद्र सरकार बड़ा कदम उठा सकती है। संसद के दोनों सदनों की आगामी बैठकों में परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने की चर्चा है। हालांकि, इस बिल को लोकसभा से पास कराना मोदी सरकार के लिए आसान नहीं होगा। संविधान संशोधन होने के कारण इसे सदन में मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। मौजूदा संख्याबल के हिसाब से NDA के पास करीब 320 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है, जबकि सभी 540 प्रभावी सदस्य मतदान करें तो बिल पास कराने के लिए 360 वोट चाहिए होंगे। ऐसे में सरकार की नजर सहयोगी दलों के साथ-साथ विपक्षी सांसदों के रुख पर भी होगी।

विशेष सत्र नहीं, मानसून सत्र की आगे की कार्यवाही

संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू के मुताबिक, जरूरी सरकारी कामकाज पूरा करने के लिए लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को फिर से बुलाई गई है। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि इसे नया विशेष सत्र नहीं माना जाएगा, बल्कि यह मानसून सत्र की ही आगे की कार्यवाही होगी। हालांकि, इन बैठकों का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है। राजनीतिक चर्चाओं में परिसीमन से जुड़े विधेयक को सबसे अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इसका मकसद 33 प्रतिशत महिला आरक्षण कानून को लागू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है।

लोकसभा में 360 वोटों का आंकड़ा, NDA के पास 320 सांसद

लोकसभा की कुल 543 सीटों में फिलहाल प्रभावी सदस्य संख्या 540 बताई गई है। यदि सभी सदस्य मतदान करते हैं, तो संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए 360 वोटों की जरूरत होगी। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, NDA के पास करीब 320 सांसदों का समर्थन है। यानी गठबंधन को मौजूदा स्थिति में 40 अतिरिक्त वोटों की जरूरत पड़ सकती है।

NDA के संख्याबल में बीजेपी के 241 सांसद, एनसीपीआई के 20, टीडीपी के 16, शिवसेना के 13, जेडीयू के 12 और एलजेपी (रामविलास) के 5 सांसद शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा आरएलडी, जनसेना और जेडीएस के दो-दो सांसद हैं। अन्य सहयोगी दलों के सांसद भी गठबंधन के साथ हैं।

तीन संभावित समीकरणों से तलाशा जा रहा रास्ता

बिल पास कराने के लिए राजनीतिक हलकों में कई संभावनाओं पर चर्चा है। एक समीकरण के तहत यदि DMK के 22, NCP-SP के 8 और YSRCP के 4 सांसद समर्थन देते हैं, तो NDA का आंकड़ा 354 तक पहुंच सकता है। फिर भी उसे छह अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी।

दूसरे समीकरण में DMK के 22 सांसद मतदान से गैरहाजिर रहते हैं। ऐसी स्थिति में सदन की प्रभावी संख्या घटने से दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा 345 हो सकता है। यदि NCP-SP और YSRCP के सांसद समर्थन भी दें, तो NDA के पास 332 वोट होंगे। यानी 13 वोटों की कमी बनी रहेगी।

तीसरे समीकरण में DMK और NCP-SP के कुल 30 सांसद मतदान से दूर रहते हैं। तब बहुमत का आंकड़ा 340 तक आ सकता है। YSRCP के चार सांसदों के समर्थन के बावजूद NDA का आंकड़ा 324 ही रहेगा। यानी इस स्थिति में भी सरकार को 16 अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी।

क्या विपक्षी सांसदों की गैरहाजिरी बनेगी सरकार का प्लान-B?

सूत्रों के हवाले से चर्चा है कि यदि समर्थन का गणित नहीं बनता है, तो सरकार फ्लोर मैनेजमेंट के जरिए विपक्षी दलों के कुछ सांसदों की गैरहाजिरी पर नजर रख सकती है। शिवसेना (UBT), JMM, RJD, आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी के कुछ सांसदों के मतदान से दूर रहने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। हालांकि, यह फिलहाल राजनीतिक अटकलें हैं और इन दलों की ओर से ऐसी किसी रणनीति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इधर, संसद की बैठकों से पहले केंद्रीय कैबिनेट की बैठक भी बुलाई गई है। सूत्रों के मुताबिक, इसमें परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के मसौदे पर चर्चा हो सकती है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने भी विपक्षी दलों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति बनाने की तैयारी की है।

अब सबकी नजर सरकार के विधेयक के मसौदे, विपक्षी दलों के रुख और लोकसभा में होने वाले संभावित मतदान पर है।