Eid ul fitr 2026 In india: ईद-उल-फितर इस्लाम धर्म का बड़ा पावन और महत्वपूर्ण त्योहार है. इसे ईद और मीठी ईद भी कहा जाता है. ये त्योहार रमजान में पूरे माह के रोज रखने के बाद मनाया जाता है. यह त्योहार नए चांद (शव्वाल महीने की शुरुआत) के दिखने पर मनाया जाता है. ईद-उल-फितर में ईद का मतलब खुशियों से है और उल फितर का मतलब रोजा खोलना बताया जाता है. ईद रमजान के रोजों के पूरा होने की खुशी में मनाया जाने वाला त्योहार है. ईद के दिन लोग अल्लाह का आभार जताते हैं कि उन्होंने उनको रोजा रखने और उसे पूरा करने की हिम्मत दी.
इस्लाम जानकारों के मुताबिक, वैसे तो ईद 20 मार्च यानी आज होनी चाहिए थी, लेकिन 19 मार्च को शव्वाल का चांद नहीं दिखा. वहीं सऊदी अरब और अन्य खाड़ी देशों में ईद आज मनाई जा रही है. सऊदी अरब के एक दिन बाद ही भारत में ईद मनाई जाती है. इसलिए भारत में कल ईद का पावन त्योहार मनाया जाएगा, लेकिन केरल और तमिलनाडु में आज ईद मनाई जा रही है. आइए जानते हैं ऐसा क्यों है?


