जेपी नड्डा ने गिरिराज सिंह को दी हिदायत, विवादित बयानबाज़ी से बचें

अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों मे रहने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को बीजेपी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तलब किया है। जेपी नड्डा ने गिरिराज सिंह को बेवजह बयान देने से बचने को कहा है, उन्होंने गिरिराज सिंह के बयान पर आपत्ति जताई है।गिरिराज सिंह ने हाल ही में देवबंद को आतंकवाद की गंगोत्री बताया था, जिसे लेकर विवाद हुआ था।

12 फरवरी को गिरिराज सिंह ने सहारनपुर में कहा था कि देवबंद ‘‘आतंकवाद की गंगोत्री’’ है जहां से मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद जैसे लोग निकलते हैं। उनके इस बयान से विवाद खड़ा हो गया था। मंत्री ने देवबंद में यह बात तब कही जब उनसे संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों के बारे में सवाल किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने एक बार कहा था कि देवबंद आतंकवाद की गंगोत्री है।’’ मंत्री ने कहा कि ‘‘हाफिज सईद जैसे सभी बड़े आतंकवादी’’ वहीं (देवबंद) से निकलते हैं। केंद्रीय मंत्री सीएए के समर्थन में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने सहारनपुर आए थे। मंत्री ने सीएए विरोधी आंदोलन को देश विरोधी आंदोलन करार दिया। उन्होंने दिल्ली में मौजूद जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र शरजील इमाम की ‘‘भारत विरोधी’’ टिप्पणियों का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘यह भारत के खिलाफ है। केंद्रीय मंत्री के बयान पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक इमरान मसूद ने कहा कि गिरिराज सिंह ‘‘घृणा में इस हद तक अंधे हो चुके हैं’’ कि उन्होंने पवित्र शब्द ‘‘गंगोत्री’’ का भी ‘‘अपमान’’ किया है। सहारनपुर से सांसद हाजी फजलुर रहमान ने भी सिंह के बयान की निन्दा की और कहा कि देवबंद स्वतंत्रता सेनानियों की ‘‘कर्मभूमि’’ रहा है। उन्होंने कहा कि देवबंद के उलेमाओं ने स्वतंत्रता की खातिर अपने जीवन का बलिदान दिया और जेल गए। केंद्रीय मंत्री पर हमला बोलते हुए सांसद ने कहा कि वे लोग, जिनके नेताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंग्रेजों की मदद की और हिन्दू-मुसलमानों को बांटने की कोशिश की, वे देवबंद पर आतंकवाद का आरोप लगा रहे हैं।

Previous articleकल अमित शाह से मुलाकात करेंगी शाहीन बाग की महिलाएं
Next articleशायर इमरान प्रतापगढ़ी को 1.4 करोड़ का नोटिस, धारा 144 के उल्लंघन का है आरोप