आप व कांग्रेस में गठबंधन पर फिर जगी उम्मीद

नई दिल्ली: कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर अनिर्णय की स्थिति के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को सुबह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित और प्रभारी पीसी चाको के साथ एक बैठक की। बैठक के बाद दिल्ली में आप के साथ गठबंधन पर जल्द निर्णय होने की संभावना बढ़ी है। प्रत्येक सीट पर एक उम्मीदवार तय करने पर भी र्चचा हुई। इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी का घोषणा पत्र जारी करने का समय कहा कि गठबंधन को लेकर किसी भी तरह का कोई हिचक (कन्फ्यूजन) नहीं है। गठबंधन को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ है। हमने पूरे देश में गठबंधन बनाया है।

हम गठबंधन बनाने को लेकर खुली सोच रखते हैं। राहुल ने गठबंधन के बारे में राय देते हुए दिल्ली की स्थिति पर स्पष्ट टिप्पणी नहीं की जिससे मामले में कोई पेंच फंसे होने के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि दोनों दलों के नेता कुछ दिनों में स्पष्ट घोषणा की उम्मीद लगा रहे हैं जिसमें कांग्रेस को तीन व आम आदमी पार्टी को चार सीट मिलने की संभावना जताई जा रही है। मंगलवार सुबह 10.30 बजे प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित व दिल्ली के प्रभारी पीसी चाको ने राहुल गांधी से मुलाकात की। सूत्रों का मानना है कि अब दिल्ली की सात सीटों पर सिर्फ एक नाम तय करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

इन नामों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पवन खेड़ा का नाम पूर्वी दिल्ली सीट से संभावित उम्मीदवार के रूप में लिया जा रहा है। सभी सात सीटों पर तीन नामों में से एक नाम तय करने में दो दिन लग सकता है। आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन में सीटों की संख्या को लेकर भी पेंच फंस रहा है। आप दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा और पंजाब में गठबंधन करना चाहती है लेकिन पंजाब में गठबंधन होना संभव नहीं दिख रहा है जबकि कांग्रेस हरियाणा में ‘‘आप’ को एक सीट दे सकती है। आप राजधानी में कांग्रेस को दो से अधिक सीट नहीं देना चाहती है।

Previous article‘देह तो झुलसी लेकिन सपने उजले हो गए’, ऐसी है लक्ष्मी अग्रवाल की कहानी
Next articleभाजपा में शामिल हो सकते हैं विश्वास, सियासी गलियारों में जोरों से चर्चा