कांवड़ यात्रा के लिए ट्रैफिक प्लान जारी, 30 जुलाई से 12 अगस्त तक दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रूट डायवर्जन

कांवड़ यात्रा के लिए ट्रैफिक प्लान जारी, 30 जुलाई से 12 अगस्त तक दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रूट डायवर्जन

कांवड़ यात्रा, सावन और शिवरात्रि को देखते हुए पुलिस ने दिल्ली-लखनऊ हाईवे (NH-9) के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत 30 जुलाई से 12 अगस्त तक हाईवे पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस के अनुसार, इस दौरान खासकर भारी वाहनों का संचालन वैकल्पिक मार्गों से कराया जाएगा ताकि कांवड़ यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित और सुचारु बनी रहे। डायवर्जन का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों पर अतिरिक्त यातायात पुलिस की तैनाती की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि दिल्ली, गाजियाबाद और हापुड़ से गजरौला, अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली और लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को सिम्भावली कट से गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते हसनपुर-गंवा कट और सम्भल होकर आगे भेजा जाएगा। वहीं, मुरादाबाद और गजरौला से दिल्ली-गाजियाबाद की ओर आने वाले भारी वाहनों को भी गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए वैकल्पिक मार्ग अपनाना होगा। इसी तरह सम्भल, मेरठ, मुजफ्फरनगर, हरिद्वार और देहरादून रूट के लिए भी अलग-अलग डायवर्जन तय किए गए हैं।

एसपी कुंवर ज्ञानंजय ने अधिकारियों को डायवर्जन प्लान का सख्ती से पालन कराने और आसपास के जिलों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि 12 अगस्त के बाद भी सावन के शेष सोमवारों पर शनिवार, रविवार और सोमवार को यही ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। यात्रियों और वाहन चालकों से यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी लेने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।