KGMU हॉस्टल में अब नहीं बनेगा नॉनवेज, जानिए प्रशासन ने क्यों लिया यह बड़ा फैसला

KGMU हॉस्टल में अब नहीं बनेगा नॉनवेज, जानिए प्रशासन ने क्यों लिया यह बड़ा फैसला

लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के छात्रावासों में रहने वाले छात्रों के लिए बड़ा बदलाव किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी 18 हॉस्टलों की मेस में नॉनवेज भोजन बनाने और परोसने पर रोक लगा दी है। अब मेस में सिर्फ शाकाहारी भोजन ही उपलब्ध कराया जाएगा। यह फैसला राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की टिप्पणी के बाद लिया गया है।

दीक्षांत समारोह के बाद लिया गया फैसला

केजीएमयू के 22वें दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बताया कि राजभवन की टीम ने विश्वविद्यालय के छात्रावासों का निरीक्षण किया था। इस दौरान कुछ हॉस्टलों की मेस में नॉनवेज भोजन तैयार किया जाता मिला। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि कुछ जगहों पर इस्तेमाल किए जा रहे मसालों की एक्सपायरी डेट समाप्त हो चुकी थी।

राज्यपाल ने मेस व्यवस्था में सुधार, भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और छात्रों को सुरक्षित व बेहतर भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी हॉस्टलों की मेस में नॉनवेज पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया।

सभी हॉस्टलों को जारी किए गए निर्देश

केजीएमयू के प्रवक्ता प्रो. के.के. सिंह ने बताया कि इस संबंध में सभी छात्रावासों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। नए आदेश के तहत अब किसी भी हॉस्टल की मेस में नॉनवेज भोजन न तो बनाया जाएगा और न ही परोसा जाएगा।

छात्रों के लिए क्या रहेगा नियम?

हालांकि, यह प्रतिबंध केवल हॉस्टल मेस तक सीमित रहेगा। यदि कोई छात्र नॉनवेज खाना चाहता है तो वह हॉस्टल परिसर के बाहर जाकर या बाहर से मंगाकर उसका सेवन कर सकता है। विश्वविद्यालय ने छात्रों की व्यक्तिगत खान-पान की पसंद पर कोई रोक नहीं लगाई है, लेकिन मेस में अब केवल शाकाहारी भोजन ही तैयार किया जाएगा।