अश्वेत ने कहा ‘मैं सांस नहीं ले सकता’ और निकल गया दम….. सुलगने लगा अमेरिका

नई दिल्ली, राजसत्ता एक्सप्रेस। अमेरिका में अफ्रीकी मूल के व्यक्ति की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस हत्या ने अमेरिकी अश्वेतों को झकझोर कर रख दिया है। लोगों का गुस्सा इस कदर भड़का है कि पूरा अमेरिका सुलग रहा है, 25 शहरों में चल रहे विरोध प्रदर्शन ने प्रशासन की नींद उड़ा रखी है। देशभर में 12 से अधिक प्रमुख शहरों में रातभर कर्फ्यू लगाया गया। अब तक 22 शहरों में कम से कम 1,669 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जगह आगजनी कर रहे लोगों ने हर तरफ इमारतों की दीवारों पर ‘मैं सांस नहीं ले सकता’ लिख दिया है। व्हाइट हाउस के पास भी लोगों ने आगजनी की, पुलिस की कार तक फूंक दी।

कौन है जॉर्ज फ्लायड, जिसकी हत्या से सुलग रहा है अमेरिका

46 साल का जॉर्ज फ्लायड अफ्रीकी मूल का अमेरिकी नागरिक था। फ्लॉयड का जन्म अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना में हुआ था। फ्लायड अपने बचपन में ही परिजनों के साथ ह्यूस्टन में शिफ्ट हो गया था। साल 2009 में उसे ह्यूस्टन की एक अदालत ने लूट और खतरनाक हथियार रखने के जुर्म में पांच वर्ष कैद की सजा सुनाई थी। जेल से छूटने के बाद फ्लायड मिनेसोटा में शिफ्ट हो गया था। जेल से छूटने के बाद वह गार्ड की नौकरी कर रहा था। कोरोना महामारी के फैलने के बाद उसकी नौकरी छिन गई थी। फ्लायड की दो बेटियां है जिनकी उम्र 22 और 6 साल है।

क्यों मचा है बवाल

फ्लायड की हत्या के बाद अमेरिका में दंगा भड़का हुआ है। आइये आपको बताते हैं, आखिर फ्लायड की हत्या के बाद अमेरिका सुलग क्यों रहा है.. लोगों में गुस्सा वीडियो क्लिप के वायरल होने के बाद भड़का। इस वीडियो क्लिप में एक पुलिस अधिकारी अपने घुटनों से अश्वेत फ्लायड की गर्दन दबाता दिख रहा है। इस वीडियो क्लिप के वायरल होने के कुछ देर बाद ही फ्लायड की मौत की खबर आग की तरह फैलने लगती है। लोगों का आरोप है कि फ्लायड को पुलिस ने बेरहमी से मार डाला.. क्योंकि वह अश्वेत था।

वीडियो में दिख रहा है कि अधिकारी कम से कम आठ मिनट तक अपने घुटने से जार्ज की गर्दन दबाए रखता है। इस पूरे घटनाक्रम में जार्ज सांस न ले पाने की बात कहता दिख रहा है। वीडियो में दिखता है कि जार्ज का हिलना-डुलना और बोलना बंद हो जाने पर भी पुलिस अधिकारी डेरेक चाउविन अपना घुटना नहीं हटाता। फ्लायड की मौत के बाद मिनीपोलिस के श्वेत पुलिस अधिकारी डेरेक चाउविन को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Previous articleUnlock 1.0- नोएडा-दिल्ली बॉर्डर रहेगा लॉक, डीएम बोले-दिल्ली से आता है कोरोना वायरस
Next articleWajid khan के करियर का पहला और आखिरी गाना ‘भाईजान’ सलमान के नाम, जानिए- क्या था इनका यूपी से कनेक्शन