लखनऊ में सड़क पर मारपीट से लगा जाम, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की फ्लीट 10 मिनट तक फंसी

लखनऊ में सड़क पर मारपीट से लगा जाम, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की फ्लीट 10 मिनट तक फंसी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कानपुर रोड पर सड़क विवाद के बाद हुई मारपीट और हंगामे के चलते लंबा जाम लग गया। इस दौरान भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की फ्लीट भी करीब 10 मिनट तक जाम में फंसी रही। पुलिस ने क्रेन बुलाकर सड़क पर खड़े लोडर को हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ और फ्लीट को रवाना किया गया।

घटना मंगलवार शाम सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के अमौसी मेट्रो स्टेशन के पास की है। पीड़ित बबलू प्रजापति के अनुसार, वह अपने साथी सुशील के साथ ब्रेड की सप्लाई कर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने टक्कर मारने का आरोप लगाकर उनका छोटा हाथी लोडर रुकवा लिया।

आरोप है कि विरोध करने पर दोनों युवकों ने बबलू और उनके साथी के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए सुशील पर ब्लेड से हमला किया गया, जिससे उसके सीने पर चोट आई। इसके अलावा हमलावर कथित तौर पर वाहन की चाबी, मोबाइल फोन और करीब 30 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।

वाहन की चाबी छीन लिए जाने से लोडर का स्टीयरिंग लॉक हो गया और वह सड़क पर तिरछा खड़ा रह गया। इससे कानपुर से लखनऊ आने वाली लेन पर लंबा जाम लग गया। इसी दौरान कानपुर से आ रही पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की फ्लीट भी जाम में फंस गई।

सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन बुलाकर लोडर को हटाया गया। इसके बाद यातायात बहाल हुआ और सबसे पहले पूर्व राष्ट्रपति की फ्लीट को सुरक्षित निकाला गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।