भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को लखनऊ में आयोजित शक्ति केंद्र कार्यकर्ता सम्मेलन में समाजवादी पार्टी (सपा), कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी और विपक्ष को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा का शक्ति केंद्र मॉडल बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर रहा है और यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि “2027 में भाजपा जीत की हैट्रिक लगाएगी और सपा की साइकिल कबाड़ में जाएगी। इसकी तैयारी हमारे शक्ति केंद्र के कार्यकर्ता कर चुके हैं।”
अखिलेश और राहुल गांधी पर साधा निशाना
भाजपा अध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन प्रदेश की जनता उनके झांसे में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि 2027 की जीत केवल एक और सरकार बनाने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि 2029 के लोकसभा चुनाव की भी मजबूत नींव रखेगी।
उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी लगातार कमजोर होती जा रही है और भाजपा का कार्यकर्ता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।
राम मंदिर प्रकरण पर विपक्ष को घेरा
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि जो लोग कभी भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वही आज आस्था के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच हो रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल का नाम लेते हुए कहा कि हिंदू समाज को कमजोर समझने की भूल न करें। उनके अनुसार, जब हिंदू देवी-देवताओं का अपमान होता है, तब विपक्ष चुप्पी साध लेता है, लेकिन चुनाव आते ही आस्था की राजनीति करने लगता है।
डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
नितिन नवीन ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान भ्रष्टाचार, परिवारवाद और माफिया राज से होती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने प्रदेश को नई दिशा दी है। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश विकास, कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।
उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को सम्मान दिलाने का काम किया है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।



