OP राजभर का बयान – SP को मेरी जरूरत नहीं, SBSP करेगी मुर्मू का समर्थन, गृह मंत्री से हुई मेरी बात

OP राजभर का बयान – SP को मेरी जरूरत नहीं, SBSP करेगी मुर्मू का समर्थन, गृह मंत्री से हुई मेरी बात

सुभासपा के संरक्षक ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि, राष्ट्रपति चुनाव में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और द्रौपदी  मुर्मू जी ने समर्थन मांगा।  गृह मंत्री अमित शाह जी का फोन भी आया था और मैं उनसे मिला भी। उन्होंने भी मुर्मू जी के लिए समर्थन मांगा। सिर्फ राष्ट्रपति चुनाव में हम NDA के साथ हैं। समाजवादी पार्टी के साथ हमारा गठबंधन जारी रहेगा।

आपको बता दें कि, चुनाव परिणाम के बाद से ही ओमप्रकाश राजभर सार्वजनिक रूप से SP अध्यक्ष पर निशाना साधने लगे और यहां तक कह दिया था कि AC कमरे में बैठकर चुनाव नहीं जीता जा सकता है। दोनों के बीच में ज्यादा तल्खी हाल में हुए विधान परिषद के चुनाव को लेकर बढ़ गई थी। ओमप्रकाश अपने पुत्र अरविंद राजभर को विधान परिषद भेजना चाहते थे, लेकिन सपा प्रमुख ने राजभर के स्थान पर RLD अध्यक्ष जयंत चौधरी को अधिक  तरजीह दी।

इससे भी राजभर नाखुश हैं। दोनों के बीच खींचतान चल ही रही थी, कि राष्ट्रपति चुनाव को लेकर  विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा की उपस्थिति  में हुई बैठक में अखिलेश ने राजभर को पूछा तक नहीं और आरएलडी प्रमुख जयंत को बुलाकर मंच भी साझा किया। अखिलेश की इस सियासी चाल ने आग में घी का काम किया और तभी से राजभर अखिलेश यादव पर सरेआम हमला बोल रहे हैं।

राजभर का यह भी कहना है कि बैठक में न बुलाए जाने की वजह जानने के लिए उन्होंने कई बार समाजवादी पार्टी अध्यक्ष से मिलने का प्रयास भी किए, लेकिन अखिलेश ने उनसे बात करना मुनासिफ नहीं समझा। इसलिए हम राष्ट्रपति चुनाव में अपनी भूमिका अलग रहकर ही निर्धारित करेंगे।

Previous articleगोटाबाया ने दिया इस्तीफा, PM विक्रमसिंघे लेंगे कार्यवाहक राष्ट्रपति की शपथ
Next articleललित -सुष्मिता के रिलेशनशिप पर KRK का तंज ,भाई ने बताई सच्चाई