पीएम मोदी बोले, कांग्रेस से सबसे बड़ा अन्याय झेलने वालों को हम दे रहे ‘न्याय’

मंडी में पीएम नरेंद्र मोदी

हिमाचल प्रदेश के मंडी में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मंडी सहित हिमाचल के अनेक क्षेत्रों में हमारे सिख बंधू यहां की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं। मैं उनको याद दिलाने आया हूं कि कांग्रेस के नामदारों के कारण जो पाप 1984 में हुआ, उसका न्याय देने का काम हमारी सरकार कर रही हैं।

मंडी में पीएम नरेंद्र मोदी का भाषण

पहली बार सिख दंगों में न्याय हुआ हैं, दोषियों को उम्रकैद और फांसी की सजा हो रही है। सिख दंगों पर कांग्रेस की सोच कल उसने फिर सार्वजनिक की है। कांग्रेस ने कहा है कि सिख दंगा ‘हुआ तो हुआ’। सिखों का कत्लेआम ‘हुआ तो हुआ’। इतना अहंकार, इतनी संवेदनहीनता।

जब पुलवामा में हमारे जवान शहीद हुए थे, तो पूरे हिमाचल में आक्रोश था। आप सभी चाहते थे कि आतंकियों और उनके आकाओं को सजा दी जाए। आपके इस चौकीदार ने आपकी आवाज, भावनाओं की कद्र की और अपने वीर जवानों को सीमा पार करके आतंकियों पर कार्रवाई की खुली छूट दे दी।

2016 में आपने देखा की हमारे वीर सपूतों ने सर्जिकल स्ट्राइक की तो कांग्रेस के नामदार ने पाकिस्तान की बजाय मुझे गाली देनी शुरू कर दी। इस साल भी फरवरी में एयर स्ट्राइक के बाद से कांग्रेस के नामदार और उनके रागदरबारी मोदी को गाली देने में जुटे हैं।

कांग्रेस और उसके महामिलावटी साथी कहते हैं कि अलगाववादियों से बातचीत होनी चाहिए। देशद्रोह का कानून और सैनिकों को मिला विशेष अधिकार या रक्षा कवच खत्म होना चाहिए। मैं आप सभी से पूछना चाहता हूं- जो भारत के टुकड़े करने और हमारे जवानों को लाचार करने की साजिश रचते हैं, क्या उनकी जमानत जब्त नहीं होनी चाहिए।

कर्नाटक में कांग्रेस ने जिसे मुख्यमंत्री बनाया है, वो कहते हैं कि सेना में वो जाता है जो भूखा मरता है, जिसके पास पेट भरने के लिए कुछ नहीं होता। ये वीर जवानों का अपमान है या नहीं। सेना में जाने वालों का ऐसा अपमान करने वालों को कांग्रेस सम्मान देती है, उन्हें मुख्यमंत्री बनाती है।

यही कांग्रेस औऱ उसके महामिलावटी साथी हैं, जो देश के सेना अध्यक्ष को गली का गुंडा कहते हैं,  वायुसेना के अध्यक्ष को झूठा कहते हैं। सेना के वीर जवानों के अपमान की आदत कांग्रेस को हमेशा से रही है। लेकिन चाहे देश की सुरक्षा हो या फिर हमारे जवानों का सम्मान, आपका ये चौकीदार चौकन्ना है।

जिस वन रैंक-वन पेंशन (OROP) को कांग्रेस ने 4 दशकों से लटका ऱखा था वो भाजपा की सरकार द्वारा ही लागू किया गया है। 2014 के चुनाव से पहले कांग्रेस ने सेना के जवानों से धोखा किया। वन रैंक-वन पेंशन के नाम पर सिर्फ 500 करोड़ रुपयों का प्रावधान किया और ढोल पीट दिया कि वन रैंक-वन पेंशन लागू कर दिया है। जब मैं आया तो तब देखा कि जवानों की सूची तक उपलब्ध नहीं है।

कांग्रेस ने वर्षों से हमारे जवानों को बुलेट प्रूफ जैकेट के लिए तरसा रखा था, इन्हें जवानों की परवाह नहीं थी। हमारी सरकार बनने के बाद हमने इसे भी पूरा किया।

यहां हिमाचल प्रदेश में टूरिज्म की संभावनाओं को और बढ़ाने के लिए भाजपा सरकार यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार काम कर रही है। गांव की सड़कें, हाईवे, रेलवे या फिर उड़ान योजना के तहत हवाई सेवा पूरी निष्ठा के साथ विकास करने का प्रयास मैंने किया है।

अटल जी ने जिस रोहतांग टनल का शिलान्यास किया था, उस पर भी अब काम तकरीबन पूरा हो चुका है। जब 23 मई के बाद फिर एक बार मोदी सरकार आएगी, तो इसका उद्घाटन करने भी मैं ही आने वाला हूं।

मंडी का ये लोकसभा क्षेत्र विराट है, आप बहुत दूर दूर से यहां सफर करके आये हैं। आपका ये जोश और प्यार मुझे अभिभूत कर देता है। हिमाचल के लोगों की आत्मीयता, उनका अपनापन, मेरे जीवन के वो पल हैं जो हमेशा मेरे साथ रहेंगे। हिमाचल के चप्पे-चप्पे का मुझ पर अधिकार है।

हिमाचल वीर माताओं और वीरों की भूमि है, यहां की माताएं ऐसी वीर संतानों को जन्म देती हैं, जो देश के लिए जीते हैं, देश के लिए मरते हैं।

आपके ही आशीर्वाद से बीते 5 वर्ष में भारत हर प्रकार से तरक्की के नए रास्ते तय कर रहा है। आज पूरी दुनिया भारत की ताकत का लोहा मान रही है। पूरे देश को भारत की शक्ति पर गर्व है। लेकिन कांग्रेस के लोगों को ये पच नहीं रहा।

Previous articleश्रद्धा कपूर ने दिखाए हॉट डांस मूव्स, शेयर किया यह वीडियो
Next articleचीफ जस्टिस रंजन गोगोई गर्मी की छुट्टियों में भी करेंगे काम