दिल्ली मेट्रो में लगे ‘गोली मारो…’ के नारे,

दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर राजीव चौक स्टेशन पर कुछ युवाओं ने CAA के समर्थन में नारे लगाना शुरू कर दिए। उन्होंने देश के गद्दारों को, गोली मारो…जैसा नारा भी लगाया। करीब 6 युवकों ने तब नारा लगाना शुरू किय़ा जब ट्रेन स्टेशन पर रूकने ही वाली ही थी।

ट्रेन से उतरने के बाद भी इनकी नारेबाजी जारी रही। ट्रेन में सवार यात्रियों ने जहां उनके साथ नारे लगाने शुरू कर दिया, तो वहीं कुछ यात्री घटना की वीडियो बनाने लगे। स्टेशन पर मौजूद यात्री अचानक हुई इस घटना से चौंक उठे।

दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा देखने वाले केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने प्रदर्शन कर रहे व्यक्तियों को रोका और उन्हें दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। CISF ने एक बयान जारी कर कहा कि 29 फरवरी को सुबह 10:25 बजे राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर छह युवा नारे लगाते दिखाई दिए। उन्हे तुरंत CISF ने रोका और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस अधिकारियों को सौंप दिया। इस बीच मेट्रो रेल का परिचालन जारी रहा।

 

नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के मुद्दे पर पिछले दिनों उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा में अब तक 42 लोगों की मौत हो चुकी है। कांग्रेस नेताओं ने अनुराग ठाकुर के नारों को हिंसा के लिए जिम्मेदार बताया है। आरोप है कि भाजपा नेताओं ने ही दिल्ली में हिंसा के लिए लोगों को उकसाया है। इस नारे के बाद दिल्ली में सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर एक युवक ने खुलेआम फायरिंग भी कर दी थी।