उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने चुनावी तैयारियों के बीच हरिद्वार में राज्य कार्यसमिति की विस्तारित बैठक आयोजित की। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का संदेश दिया। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी कार्यकर्ताओं के सामने 60 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा।
‘हिमालय की तरह अडिग है भाजपा की सरकार’
बैठक को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की सरकार हिमालय की तरह अडिग और मां गंगा की धारा की तरह अविरल है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का मन बना लिया है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि जिस तरह गंगा की धारा को कोई नहीं रोक सकता, उसी तरह उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बनने से भी कोई नहीं रोक पाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी एक बार फिर घुसपैठियों को हटाने वाली सरकार बनाएगी।
राहुल गांधी पर साधा निशाना
रक्षा मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने हैदराबाद में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान विदेशी प्रतिनिधियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कथित तौर पर उपहास उड़ाए जाने और इस पर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया को लेकर सवाल उठाए।
राजनाथ सिंह ने कहा कि इस तरह की घटनाएं भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनता के जनादेश का अपमान हैं। उन्होंने दावा किया कि दुनिया की कई संस्थाएं भारत की तारीफ कर रही हैं और देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है।
सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण का किया जिक्र
राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड को वीरभूमि बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि अनुग्रह राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी से लेकर सैन्य धाम के निर्माण तक, धामी सरकार सैनिक परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
कांग्रेस के पुराने शासन पर भी हमला
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस की पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में पर्ची-खर्ची का सिस्टम चलता था। उनके मुताबिक, भाजपा सरकार में उत्तराखंड के युवा नौकरी मांगने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बन रहे हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं से संगठन को प्राथमिकता देने और आपसी एकजुटता बनाए रखने की अपील की। दोनों नेताओं ने लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए 60 से अधिक विधानसभा सीटें जीतने का लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।


