डिप्टी CM सिसोदिया और सत्येंद्र जैन का इस्तीफा, केजरीवाल ने किया मंजूर

Manish Sisodiya, satendra jain
सर्वोच्च न्यायालय से कोई राहत नहीं मिलने के बाद दिल्ली उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अपने मंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया है। साथ ही दिल्ली सरकार में एक और कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने दोनों अहम मंत्रियों के त्यागपत्र को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो , अभी दिल्ली सरकार में कोई नया मिनिस्टर नहीं बनाया जाएगा। 
बताया जा रहा है कि, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के कुछ विभागों की जिम्मेदारी कैलाश गहलौत संभालेंगे तो कुछ विभाग राजकुमार आनंद को सौपें जायेंगे। मनीष सिसोदिया को दिल्ली की नई एक्साइज पॉलिसी (2021-22) घोटाला केस में CBI ने अरेस्ट किया है। और सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें 4 मार्च तक CBI रिमांड में भेज दिया है। स्वास्थ्य – जेल मंत्री सत्येंद्र जैन वित्तीय अनियमितता मामले में 30 मई को अरेस्ट किए गए थे। इस समय वह दिल्ली के तिहाड़ जेल में कैद हैं। डिप्टी CM सिसोदिया के पास शिक्षा और PWD समेत 22 मंत्रालय हैं। उधर भारतीय जनता पार्टी लगातार दोनों के इस्तीफे की मांग कर रही थी।

शीर्ष अदालत ने मंगलवार को CBI गिरफ्तारी के विरुद्ध डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की अर्जी पर सुनवाई करने से मना कर दिया। मुख्य न्यायाधीश  डी.वाई. चंद्रचूड़ और न्यायाधीश पी.एस. नरसिम्हा ने डिप्टी सीएम का प्रतिनिधित्व कर रहे सीनियर एडवोकेट अभिषेक मनु सिंघवी से कहा कि, उनके क्लाइंट के पास दिल्ली उच्च न्यायालय जाने का रास्ता खुला है। 
अदालत ने इस बात पर बल दिया कि वह सुप्रीम कोर्ट से जो राहत मांग रहे हैं, उसके लिए या तो निचली अदालत या उच्च न्यायालय का रुख करें। बेंच ने यह भी बताया कि यह भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम से संबंधित मामला है और यह सीधे हस्तक्षेप नहीं करेगा।
बेंच ने आगे कहा, इससे गलत मिसाल कायम होगा.. सिर्फ इसलिए कि ये घटना दिल्ली में हुई है, हम इसे यहां सीधे नहीं ले सकते। सूत्रों के अनुसार, आम आदमी पार्टी शीर्ष अदालत की सलाह पर अब इस केस को हाईकोर्ट में लेकर जाएगी। पार्टी ने कहा कि हम न्यायालय का सम्मान करते हैं।
Previous articleCTET 2023 Result: कल जारी हो सकता CTET का रिजल्ट, जानें कितना अंक लाना अनिवार्य
Next articleहोली से पहले चढा़ महंगाई का रंग,गैस सिलेंडर हुआ महंगा, जानिए कितने बढ़े दाम