ICC पर सवाल उठाने के कुछ दिन बाद स्कॉट एडवर्ड्स ने छोड़ी नीदरलैंड्स की कप्तानी, जानिए क्या रही बड़ी वजह

ICC पर सवाल उठाने के कुछ दिन बाद स्कॉट एडवर्ड्स ने छोड़ी नीदरलैंड्स की कप्तानी, जानिए क्या रही बड़ी वजह

नीदरलैंड्स क्रिकेट टीम के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स के अचानक कप्तानी छोड़ने के फैसले ने क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। खास बात यह है कि यह फैसला ऐसे समय आया है, जब कुछ ही दिन पहले उन्होंने आईसीसी की नई वनडे वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन व्यवस्था और उससे जुड़े फैसलों पर खुलकर सवाल उठाए थे। हालांकि कप्तानी छोड़ने की वजह को लेकर उन्होंने किसी विवाद का जिक्र नहीं किया। एडवर्ड्स ने साफ कहा कि यह फैसला उन्होंने काफी सोच-विचार के बाद लिया है और अब वह सिर्फ एक खिलाड़ी के रूप में टीम के लिए अपना पूरा योगदान देना चाहते हैं। उनके इस्तीफे के बाद स्टार ऑलराउंडर बास डी लीडे को अंतरिम कप्तान बनाया गया है, जो CWC League 2 के बाकी मुकाबलों में टीम की कमान संभालेंगे।

टीम के सामने अचानक किया कप्तानी छोड़ने का ऐलान

रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन (KNCB) की ओर से जारी एक वीडियो में स्कॉट एडवर्ड्स ने अपने साथियों के सामने कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला अचानक नहीं लिया गया, बल्कि इस पर पिछले कुछ समय से हेड कोच रयान कुक और टीम प्रबंधन के साथ चर्चा चल रही थी।

एडवर्ड्स ने कहा कि उन्हें लगता है कि फिलहाल यही सही समय है, क्योंकि एक खिलाड़ी के तौर पर वह अभी भी टीम को काफी कुछ दे सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नीदरलैंड्स की कप्तानी करना उनके करियर का सबसे बड़ा सम्मान रहा है और वह आगे भी ऑरेंज जर्सी पहनकर देश के लिए खेलते रहेंगे।

उनके इस फैसले के साथ जून 2022 में शुरू हुआ कप्तानी का कार्यकाल आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया।

कप्तानी में दिलाई कई ऐतिहासिक जीत

स्कॉट एडवर्ड्स ने जून 2022 में पीटर सीलार के संन्यास के बाद टीम की कमान संभाली थी। उनके नेतृत्व में नीदरलैंड्स ने कई ऐसे नतीजे दिए, जिन्होंने दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा।

वनडे क्रिकेट में उन्होंने 56 मैचों में कप्तानी की, जिनमें टीम ने 24 मुकाबले जीते जबकि 29 में हार का सामना किया। उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि भारत में खेले गए 2023 वनडे विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीम को हराना रही। इसके अलावा बांग्लादेश पर जीत भी टीम के लिए यादगार साबित हुई।

टी20 क्रिकेट में भी एडवर्ड्स का रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा। उनकी कप्तानी में नीदरलैंड्स ने 2022 टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। उसी हार के कारण दक्षिण अफ्रीका टूर्नामेंट से बाहर हो गया था। जिम्बाब्वे के खिलाफ भी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।

ICC के फैसलों पर जताई थी नाराजगी

कप्तानी छोड़ने से पहले स्कॉट एडवर्ड्स उस समय चर्चा में आए थे, जब उन्होंने आईसीसी द्वारा 2027 पुरुष वनडे विश्व कप के क्वालिफिकेशन और फॉर्मेट में किए गए बदलावों पर खुलकर आपत्ति जताई थी।

वर्ल्ड क्रिकेटर्स एसोसिएशन के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा था कि आईसीसी एक ओर क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर फैलाने की बात करता है, लेकिन दूसरी ओर ऐसे नियम लागू करता है, जिनसे नीदरलैंड्स जैसे एसोसिएट देशों के लिए बड़े टूर्नामेंट तक पहुंचना और मुश्किल हो जाता है।

एडवर्ड्स का कहना था कि छोटे क्रिकेट देशों ने वर्षों तक मेहनत और निवेश किया है। ऐसे में नियमों में बदलाव उनके विकास की रफ्तार को प्रभावित कर सकते हैं। हालांकि कप्तानी छोड़ते समय उन्होंने अपने फैसले को इन टिप्पणियों से नहीं जोड़ा और इसे पूरी तरह व्यक्तिगत तथा टीम के हित में लिया गया निर्णय बताया।

अब बास डी लीडे संभालेंगे जिम्मेदारी

स्कॉट एडवर्ड्स के इस्तीफे के बाद नीदरलैंड्स क्रिकेट बोर्ड ने स्टार ऑलराउंडर बास डी लीडे को टीम की कमान सौंप दी है। फिलहाल टीम CWC League 2 की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है और उसका लक्ष्य शीर्ष चार में रहकर विश्व कप क्वालिफायर के लिए सीधा टिकट हासिल करना है।

नीदरलैंड्स की अगली अंतरराष्ट्रीय सीरीज इस साल के अंत में ओमान और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ खेली जाएगी। ऐसे में नई कप्तानी में टीम का प्रदर्शन कैसा रहता है, इस पर क्रिकेट जगत की नजर रहेगी।