शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सपा में शामिल, लखनऊ से होंगी उम्मीदवार

लखनऊ: शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा समाजवादी पार्टी में शामिल हो गई हैं. वह नवाबों के शहर लखनऊ से चुनाव मैदान में उतरेंगी और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को चुनौती देंगी. पूनम सिन्हा ने मंगलवार को डिंपल यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली है. वह 18 अप्रैल को नामांकिन दाखिल करेंगी.

बता दें, कांग्रेस ने हाल ही में शत्रुघ्न सिन्हा को पटनासाहिब लोकसभा सीट से टिकट दिया है. वह बीजेपी नेतृत्व के साथ लंबे समय से खफा चल रहे थे. जिसके चलते 6 अप्रैल को वह कांग्रेस में शामिल हो गए.

बता दें, लखनऊ में नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 18 अप्रैल है. जबकि यहां वोटिंग 6 मई को होगी. इससे पहले इस सीट पर 1991, 1996, 1998, 1999 और 2004 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी ने जीत हासिल की थी. इसके बाद वाजपेयी ने राजनीति से संन्यास ले लिया. उसके बाद 2009 में लाल जी टंडन और 2014 में राजनाथ सिंह ने इस सीट से भारी मतों से बाजी मारी थी. वहीं एक बार फिर राजनाथ सिंह को लखनऊ सीट से उतारा गया है.

वहीं समाजवादी पार्टी के नेता रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि लखनऊ से गठबंधन की उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा होंगी. हम कांग्रेस से अपील करना चाहते हैं​ कि वह यहां से अपना प्रत्याशी न उतारे ताकि बीजेपी को हराया जा सके.