टीवीके प्रमुख विजय ने कहा कि वो 23 अप्रैल को होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में दो विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ेंगे. विजय और उनकी पार्टी का यह पहला चुनावी प्रयास होगा. विजय का पूरा नाम सी जोसेफ विजय है. उन्होंने कहा कि चेन्नई के पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व से वह पार्टी के उम्मीदवार होंगे. यहां पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने अन्य सीट के लिए भी उम्मीदवारों के नाम बताए. इसमें उनकी कोर टीम के सभी प्रमुख सदस्यों को सूची में जगह मिली. राज्य में विधानसभा की 234 सीट के लिए चुनाव 23 अप्रैल को होंगे.
पार्टी प्रमुख विजय ने वरिष्ठ पार्टी नेताओं और अपनी आतंरिक टीम के सदस्यों – एन आनंद, आधव अर्जुन, आर अरुणराज, सीटीआर निर्मल कुमार और के. ए. सेंग्कोट्टैयान को टी. नगर, विल्लीवाक्कम, गोबिचेट्टीपलयम और तिरुप्परनकुंड्रम सहित अन्य सीट के लिए तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के उम्मीदवारों के रूप में नामित किया है.


