यूपी में मॉनसून हुआ सक्रिय, 60 से अधिक जिलों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट

यूपी में मॉनसून हुआ सक्रिय, 60 से अधिक जिलों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में करीब पांच दिन की देरी से मॉनसून ने दस्तक दे दी है। मॉनसून सक्रिय होने के साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई है, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार के लिए प्रदेश के 60 से अधिक जिलों में बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून एक ही चरण में प्रदेश के उत्तरी हिस्सों से होते हुए उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर तक पहुंच गया। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए रहे और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में करीब 9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 4.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

विभाग ने बदायूं, कासगंज, संभल, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं लखनऊ, प्रयागराज, अयोध्या, मेरठ, बरेली, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), कानपुर, आगरा, मथुरा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, शाहजहांपुर, इटावा, प्रतापगढ़, रायबरेली और फतेहपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की आशंका है।

इसके अलावा बहराइच, लखीमपुर खीरी, रामपुर, बरेली और पीलीभीत में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों में ललितपुर के तालबेहट में 106 मिमी, अयोध्या में 69 मिमी, अंबेडकरनगर के टांडा में 68 मिमी तथा गोंडा में 64 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बस्ती, श्रावस्ती, हरदोई, रामपुर, बुलंदशहर, झांसी, शाहजहांपुर, गोरखपुर और पीलीभीत में भी अच्छी बारिश हुई।

बदायूं में बुधवार सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को उमस से राहत मिली, जबकि किसानों के लिए धान की रोपाई का रास्ता साफ हो गया। हालांकि लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया और कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और कमजोर ढांचों तथा खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।