योगी आदित्यनाथ का आगरा दौरा अचानक रद्द, मथुरा से सीधे दिल्ली रवाना होंगे CM! अमित शाह के साथ अहम बैठक, यूपी चुनाव पर होगा मंथन

योगी आदित्यनाथ का आगरा दौरा अचानक रद्द, मथुरा से सीधे दिल्ली रवाना होंगे CM! अमित शाह के साथ अहम बैठक, यूपी चुनाव पर होगा मंथन

उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना प्रस्तावित आगरा दौरा अचानक रद्द कर दिया है। अब वह मथुरा से सीधे दिल्ली जाएंगे, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनकी अहम बैठक होने वाली है। मुख्यमंत्री पिछले दो दिनों से मथुरा में बीजेपी की उच्चस्तरीय बैठक में शामिल हैं। माना जा रहा है कि वह इस बैठक में हुए मंथन, संगठन की जमीनी स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का पूरा ब्योरा लेकर दिल्ली पहुंचेंगे। ऐसे में योगी और अमित शाह की मुलाकात को 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

अचानक क्यों रद्द हुआ योगी का आगरा दौरा?

पहले तय कार्यक्रम के मुताबिक, मथुरा में बीजेपी की बैठक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मंगलवार दोपहर आगरा जाना था। यहां उन्हें पार्टी के दिवंगत विधायक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करनी थी।

हालांकि, दिल्ली से मिले बुलावे और राजनीतिक व्यस्तताओं के चलते उनका आगरा दौरा स्थगित कर दिया गया। अब मुख्यमंत्री मथुरा से सीधे दिल्ली रवाना होंगे। वहां उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात प्रस्तावित है।

मथुरा की बैठक का पूरा रिपोर्ट कार्ड अमित शाह को देंगे योगी

मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि पिछले दो दिनों से मथुरा में बीजेपी का संगठनात्मक मंथन चल रहा है। इस बैठक में उत्तर प्रदेश में पार्टी की मौजूदा स्थिति, संगठन की तैयारियों और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई है।

सूत्रों के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ दिल्ली में अमित शाह को इस पूरे मंथन की जानकारी देंगे। इसमें जमीनी स्तर से मिले फीडबैक, संगठन की स्थिति और चुनाव से पहले उठाए जाने वाले जरूरी कदमों का ब्योरा शामिल हो सकता है।

बैठक में सामने आए सुझावों और रणनीतिक फैसलों को लेकर भी शीर्ष नेतृत्व के साथ चर्चा होने की संभावना है।

2027 के चुनाव से पहले बीजेपी की बढ़ी सक्रियता

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। ऐसे में मथुरा में हुई दो दिवसीय बैठक और उसके तुरंत बाद योगी आदित्यनाथ की अमित शाह से मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस बैठक में नितिन नवीन की मौजूदगी भी संगठनात्मक चर्चा के लिहाज से अहम है। पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि चुनाव से पहले संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाया जाए।

रातोंरात बदल दिया गया बैठक का नाम

मथुरा के गोग्राम परखम में आयोजित बीजेपी की इस बैठक को लेकर एक और बात चर्चा में रही। शुरुआत में इसे ‘चिंतन शिविर’ नाम दिया गया था, लेकिन सोमवार को बैठक शुरू होने से पहले इसका नाम बदलकर ‘योजना बैठक’ कर दिया गया।

अब इस बैठक के समापन के बाद योगी आदित्यनाथ का सीधे दिल्ली जाना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। हालांकि, अमित शाह के साथ मुलाकात में किन मुद्दों पर अंतिम फैसला होगा, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।