भारत और नेपाल ने अपने सदियों पुराने रिश्तों को नई मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के भारत दौरे के दौरान सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई। इसके बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता सिर्फ दो पड़ोसी देशों का नहीं, बल्कि अपनेपन, विश्वास और साझा सभ्यता का रिश्ता है। उन्होंने भगवान राम और माता सीता का जिक्र करते हुए कहा कि नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। वहीं, नेपाल में बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और विकास के लिए भारत ने 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के डेवलपमेंट कोऑपरेशन पैकेज की घोषणा की।
‘भारत-नेपाल का रिश्ता सिर्फ पड़ोस का नहीं’
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे जुड़ाव पर आधारित हैं। हमारी खुशियां और चुनौतियां साझा हैं। दोनों देश एक-दूसरे की प्रगति में भागीदार हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा बनते हैं।
उन्होंने 2018 में जनकपुर की अपनी यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी उन्होंने कहा था कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत हमेशा एक मजबूत और समृद्ध नेपाल की विकास यात्रा में भागीदार रहा है। अब दोनों देशों ने अपने संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले किए हैं।
नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये का विकास पैकेज
संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ का भी जिक्र किया। उन्होंने इस प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि पर संवेदना व्यक्त की। साथ ही नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को मजबूती देने के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के डेवलपमेंट कोऑपरेशन पैकेज की घोषणा की।
पीएम मोदी ने कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री बनने के बाद अपनी पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा पर आए बालेंद्र शाह का स्वागत करना उनके लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में दुनिया के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में शाह के संबोधन से उनके दूरदर्शी दृष्टिकोण की झलक मिली थी। अब व्यक्तिगत बातचीत में भी उन्हें नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत करने की उनकी प्रतिबद्धता दिखाई दी है।
अयोध्या-जनकपुर रेल कनेक्टिविटी को मिला नया आयाम
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने के लिए कनेक्टिविटी भी अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत का जिक्र करते हुए कहा कि इससे दोनों देशों के पवित्र संबंधों को नया आयाम मिलेगा।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने भी अपने संबोधन में अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल कनेक्टिविटी का उद्घाटन होने की बात कही। उन्होंने इसे दोनों देशों के ऐतिहासिक और धार्मिक संबंधों को आगे बढ़ाने वाला कदम बताया।
‘हिमालय की तरह मजबूत हैं भारत-नेपाल के रिश्ते’
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने कहा कि वह भगवान पशुपतिनाथ और माता जानकी का आशीर्वाद लेकर भारत आए हैं। उन्होंने भारत और नेपाल के संबंधों को हिमालय की तरह मजबूत और महासागर की तरह विस्तृत बताया।
शाह ने प्राकृतिक आपदाओं और संकट के समय नेपाल का साथ देने के लिए भारत सरकार और भारतीय जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों की नींव आपसी सम्मान, अटूट विश्वास और सद्भावना पर टिकी है।
नेपाल के प्रधानमंत्री ने भारतीय निवेशकों को नेपाल में निवेश के लिए आमंत्रित भी किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच लोगों का गहरा जुड़ाव इस रिश्ते की सबसे बड़ी ताकत है।


