BJP-अकाली गठबंधन पर सचिन पायलट का तंज, बोले- चुनाव से पहले खोई जमीन तलाशने के लिए थाम रहे एक-दूसरे का हाथ

BJP-अकाली गठबंधन पर सचिन पायलट का तंज, बोले- चुनाव से पहले खोई जमीन तलाशने के लिए थाम रहे एक-दूसरे का हाथ

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गठबंधनों को लेकर हलचल तेज हो गई है। बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के दोबारा साथ आने की चर्चाओं के बीच कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने दोनों दलों पर निशाना साधा है। सोमवार को अमृतसर पहुंचे पंजाब कांग्रेस प्रभारी ने संभावित गठबंधन को अवसरवादिता बताते हुए कहा कि चुनावों में लगातार जनता से नकारे जाने के बाद अब दोनों पार्टियां अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए एक-दूसरे का हाथ थाम रही हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार को भी घेरते हुए दावा किया कि पंजाब की जनता बदलाव चाहती है।

BJP-अकाली गठबंधन को बताया राजनीतिक मजबूरी

सचिन पायलट ने कहा कि जब बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन टूटा था, तब दोनों पार्टियों ने एक-दूसरे के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए थे। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर वे कौन-से कारण थे, जिनकी वजह से गठबंधन खत्म हुआ था और क्या वे सभी मुद्दे अब समाप्त हो गए हैं?

उन्होंने तीन कृषि कानूनों, किसान आंदोलन के दौरान हुई मौतों और नशे के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले साढ़े चार से पांच साल तक दोनों दल एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करते रहे। पायलट के मुताबिक, विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जनता से समर्थन नहीं मिलने के बाद अब दोनों पार्टियां पंजाब में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए फिर करीब आ रही हैं।

‘AAP सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है’

पंजाब की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए पायलट ने कहा कि राज्य में सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है और जनता बदलाव का मन बना रही है।

उन्होंने कहा कि पंजाब एक संवेदनशील सीमावर्ती राज्य है, जहां जिम्मेदार और गंभीर नेतृत्व की जरूरत है। पायलट ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने पिछले वर्षों में गंभीर मुद्दों पर ठोस कार्रवाई करने के बजाय हंसी-मजाक और बयानबाजी पर ज्यादा ध्यान दिया।

उन्होंने यह भी दावा किया कि जब आम आदमी पार्टी के अपने विधायक और सांसद ही पार्टी से असंतुष्ट हैं, तो आम जनता का भरोसा कैसे कायम रहेगा? पायलट ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस ही जनता को बेहतर विकल्प दे सकती है।

BJP के डबल इंजन मॉडल पर भी उठाए सवाल

सचिन पायलट ने बीजेपी के ‘डबल इंजन’ सरकार के दावों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जनता से सुझाव मांगने के लिए जो नंबर जारी किया है, उसे जनता अपना जवाब दे चुकी है। उन्होंने राजस्थान के पंचायत चुनावों के नतीजों का हवाला देते हुए बीजेपी को आत्ममंथन करने की सलाह दी।

उत्तर प्रदेश की राजनीति पर भी पायलट ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वहां पिछले 10 साल से बीजेपी की सरकार है, लेकिन लोकसभा चुनाव में उसे बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। पायलट ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव समाजवादी पार्टी और कांग्रेस मिलकर लड़ेंगे। दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर जल्द सहमति बनने की उम्मीद है।

पंजाब में टिकट मेरिट और जीत की संभावना पर मिलेगा

कांग्रेस की चुनावी तैयारियों को लेकर सचिन पायलट ने बताया कि प्रदेश इलेक्शन कमेटी की बैठक होने वाली है और स्क्रीनिंग कमेटी का गठन भी कर दिया गया है। जल्द ही पार्टी मुख्यालय में उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा होगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने की उम्मीद के चलते कई सीटों पर टिकट के दावेदारों की संख्या ज्यादा है। हालांकि, उम्मीदवारों का चयन केवल दावेदारी के आधार पर नहीं होगा। टिकट देने में योग्यता, जनता से मिले फीडबैक और जीतने की क्षमता को प्राथमिकता दी जाएगी।

पायलट ने भरोसा जताया कि उम्मीदवारों की घोषणा के बाद कांग्रेस का पूरा संगठन एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेगा।