मेलानिया ट्रंप के साथ दिल्ली स्कूल में नहीं दिखेंगे केजरीवाल और सिसोदिया, हटाया गया नाम

anshu-prakash-patiala-house-court-cm-arvind-kejriwal-manish-sisodia-aam-aadmi-party
फाइल फोटो

अमेरिकी राष्ट्रपित डॉनाल्ड ट्रंप 24 फरवरी को भारत आ रहे हैं। उनके साथ उनकी पत्नि मेलानिया ट्रंप और बेटी इवांका भी भारत आ रही हैं। अपने भारत दौरे पर मेलानिया ट्रंप दिल्ली के सरकारी स्कूल भी जाएंगी। लेकिन इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया मौजूद नहीं रहेंगे।

सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का नाम कार्यक्रम से हटा दिया है। बता दें कि 25 फरवरी को मेलानिया ट्रंप दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में जाएंगी। वह दिल्ली के स्कूल में हैप्पीनेस क्लास देखेंगी। हालांकि पहले चर्चा थी कि मेलानिया का स्वागत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया करेंगे। लेकिन अब उनका नाम कार्यक्रम से हटा दिया गया है। जिस वजह से अब अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।

बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि ‘जरूरी मौकों पर ऐसे राजनीति नहीं करनी चाहिए। भारत सरकार ने यूएस को सलाह नहीं दी है कि किसे बुलाना है और किसे नहीं। हम इस तू-तू मैं-मैं में नहीं पड़ना चाहता।’

बता दें कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने 2018 में हैप्पीनेस क्लास शुरू की थी। यह क्लास नर्सरी से लेकर 8वीं तक के बच्चों के लिए होती है। इसका मकसद बच्चों के मानसिक तनाव को दूर करना होता है। इस क्लास में कोई लिखित परीक्षा नहीं होती है, सिर्फ बच्चे के हैप्पीनेस इंडेक्स का मूल्यांकन किया जाता है।

ऐसा पहली बार होगा जब अमेरिका की फर्स्ट लेडी दिल्ली में स्कूली बच्चों से मिलेंगी। इससे पहले 2010 में जब अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा भारत दौरे पर आए थे, तब उनकी पत्नी मिशेल ओबामा ने मुंबई में बच्चों से मुलाकात की थी। तब बच्चों के साथ उनकी डांस की तस्वीरें चर्चा में आईं थी।