Gotabaya Flees To Maldives: राष्ट्रपति राजपक्षे परिवार के साथ तड़के भाग कर पहुंचे मालदीव

Gotabaya Flees To Maldives: राष्ट्रपति राजपक्षे परिवार समेत तड़के भाग कर पहुंचे मालदीव

श्रीलंका में आर्थिक संकट के बाद भड़की जनता के बीच राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे बुधवार यानी आज प्रातः राजधानी कोलंबो से भाग निकले। श्रीलंका की वायुसेना के विमान से अपनी पत्नी व सुरक्षा गार्ड के साथ मालदीव की राजधानी माले पहुंच गए। आज ही वे इस्तीफा देने वाले थे, लेकिन उसके पूर्व वह देश छोड़कर चले गए। श्रीलंका के प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी पुष्टि की है कि राजपक्षे देश छोड़कर भाग गए हैं।

भ्रष्टाचार और अर्थव्यवस्था संभालने में असफल रहने के चलते श्रीलंका में पिछले कई महीनों से संकट जारी था। पिछले दिनों जनता सड़कों पर उतर आई और हजारों लोग राष्ट्रपति भवन के भीतर घुस गए थे। उसके बाद से राजपक्षे नदारद थे। इसी बीच उन्होंने घोषणा कि वे 13 जुलाई को हिस्ताफा देंगे।

श्रीलंका की वायुसेना के मीडिया निदेशक ने आज तड़के बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रपति राजपक्षे, प्रथम महिला यानी उनकी पत्नी और दो अंगरक्षकों को मालदीव ले जाया गया है। उनके विमान को उड़ान भरने के लिए आव्रजन, सीमा शुल्क और रक्षा मंत्रालय ने स्वीकृति दी थी। 13 जुलाई की सुबह उन्हें वायु सेना का विमान मुहैया कराया गया।