समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी और चुनाव आयोग पर निशाना साधा है. उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए. अखिलेश यादव बीएलओ की मौतों पर खासे गुस्से में दिखाई दिए. उन्होंने कहा कि सरकार को मृतक बीएलओ के परिवारों की मदद करने चाहिए.
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी और चुनाव आयोग मिलकर काम कर रहे हैं. बीजेपी चुनाव आयोग को आगे करके विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) करा रही है. दरअसल एसआईआर के नाम पर आरक्षण और अधिकार छीने जाएंगे. उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की मौत का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि कल फतेहपुर में मृतक के परिवार ने बताया कि बीएलओ के तेजी के साथ काम करने का दबाव बनाया जा रहा था. इसी दबाव में बीएलओ ने आत्महत्या कर ली. आखिर ये किस तरह का दबाव बनाया जा रहा है. सरकार और चुनाव आयोग ऐसा करके एक तरह से लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है.



