मुरादाबाद की धरती ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा से देशभर में नाम रोशन किया है. पीतल नगरी के युवा क्रिकेटर शिवांग कुमार ने अपनी कड़ी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर IPL-2026 में जगह बना ली है. अबू धाबी में हुए ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने शिवांग कुमार को 30 लाख रुपए में खरीदकर अपनी टीम का हिस्सा बनाया. यह खबर मिलते ही मुरादाबाद के चंदन नगर से लेकर मध्य प्रदेश तक खुशी की लहर दौड़ गई.
दरअसल, शिवांग पिछले एक दशक से मध्य प्रदेश की क्रिकेट टीम से जुड़े हुए हैं और अंडर-16, अंडर-19 व अंडर-23 स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं. वर्तमान में वह मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्य प्रदेश की सीनियर टीम का हिस्सा हैं और अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं. शिवांग की यह सफलता केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि पूरे मुरादाबाद के लिए गर्व का विषय है. मुरादाबाद के लोग अब क्रिकेट के इस नए सितारे को आने वाले IPL सत्र में दमखम दिखाते देखने को उत्सुक हैं.



