कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 26 फरवरी से 7 मार्च तक भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान की यात्रा पर जाएंगे. उनके कार्यालय ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी. इस दौरे का मुख्य उद्देश्य व्यापार, ऊर्जा, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रक्षा के क्षेत्र में नए मौके तलाशना है. कार्नी अपनी यात्रा की शुरुआत मुंबई से करेंगे. इसके बाद दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे. यह कार्नी की पहली भारत यात्रा होगी.
दोनों नेता कनाडा और भारत के रिश्तों को मजबूत करने और आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे. खासतौर पर व्यापार, ऊर्जा, तकनीक, AI, प्रतिभा, संस्कृति और रक्षा के क्षेत्रों में नई साझेदारी बनाने पर जोर रहेगा. कार्नी भारत में बिजनेस लीडर्स से भी मिलेंगे, ताकि कनाडा में निवेश बढ़ाया जा सके और दोनों देशों के बीच नए कारोबारी समझौते हो सकें.



