ब्राजील दौरे पर CJI सूर्यकांत, संगठित अपराध से निपटने के लिए भारत-ब्राजील के बीच होगा न्यायिक मंथन

ब्राजील दौरे पर CJI सूर्यकांत, संगठित अपराध से निपटने के लिए भारत-ब्राजील के बीच होगा न्यायिक मंथन

भारत और ब्राजील के बीच न्यायिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल होने जा रही है। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के नेतृत्व में उच्चस्तरीय न्यायिक प्रतिनिधिमंडल ब्राजील के दौरे पर है। 11 से 13 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस यात्रा में दोनों देशों के वरिष्ठ न्यायाधीश न्याय व्यवस्था को बेहतर बनाने, अदालतों के आधुनिकीकरण और संगठित अपराध जैसी गंभीर चुनौतियों पर चर्चा करेंगे। इस दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल ब्राजील की शीर्ष अदालतों के प्रमुखों से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा करेगा और वहां की न्यायिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली को भी समझेगा।

पहले दिन ब्राजील की सर्वोच्च और श्रम अदालत से होगी बातचीत

दौरे के पहले दिन यानी 11 नवंबर को CJI सूर्यकांत सुबह 11 बजे ब्राजील के संघीय सर्वोच्च न्यायालय (Federal Supreme Court) के अध्यक्ष न्यायमूर्ति एडसन फाचिन से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के शीर्ष संवैधानिक न्यायालयों के बीच बेहतर तालमेल और संस्थागत सहयोग पर चर्चा होगी।

इसके बाद दोपहर 2:30 बजे भारतीय प्रतिनिधिमंडल ब्राजील के सुपीरियर लेबर कोर्ट (TST) के अध्यक्ष न्यायमूर्ति लुइज फिलिप विएरा डी मेलो फिल्हो से मिलेगा। इस बैठक में श्रम कानूनों से जुड़े मामलों और आम लोगों को समय पर न्याय दिलाने के तरीकों पर अनुभव साझा किए जाएंगे।

12 नवंबर को न्यायिक प्रक्रिया में सुधार पर होगी चर्चा

यात्रा के दूसरे दिन 12 नवंबर को सुबह 10 बजे भारतीय प्रतिनिधिमंडल ब्राजील के उच्च राष्ट्रीय न्यायालय (STJ) के अध्यक्ष न्यायमूर्ति लुइस फेलिप सलोमाओ के साथ बैठक करेगा।

इस मुलाकात में दोनों देशों की न्यायिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने और कानूनी व्यवस्था के सामने मौजूद चुनौतियों पर बातचीत होगी। बैठक के बाद ब्राजील की ओर से भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन भी किया जाएगा।

संगठित अपराध से निपटने के तरीकों पर खास चर्चा

इस तीन दिवसीय दौरे का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा 13 नवंबर को होने वाला विशेष संवाद सत्र होगा। सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक भारतीय प्रतिनिधिमंडल संगठित अपराध से जुड़े मामलों के विशेषज्ञ ब्राजीलियाई न्यायाधीशों के साथ चर्चा करेगा।

इस बैठक में गंभीर और संगठित अपराधों से जुड़े मामलों की सुनवाई तथा उनसे निपटने के प्रभावी न्यायिक तरीकों पर विचारों का आदान-प्रदान होगा। इसके तुरंत बाद दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक रियो डी जेनेरियो राज्य के न्यायालय के अध्यक्ष और अपील न्यायालय के न्यायाधीश रिकार्डो कौटो डी कास्त्रो के साथ बैठक होगी। इसी के साथ भारतीय प्रतिनिधिमंडल का आधिकारिक कार्यक्रम समाप्त हो जाएगा।

न्यायिक अनुभव साझा करने पर दोनों देशों का जोर

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और ब्राजील की न्यायिक संस्थाओं के बीच सहयोग बढ़ाना है। दोनों देश अपनी न्याय व्यवस्था में अपनाई जा रही अच्छी प्रक्रियाओं और अनुभवों को साझा करेंगे। खास तौर पर संगठित अपराध जैसी जटिल चुनौतियों से निपटने के लिए आपसी समझ विकसित करने पर जोर रहेगा। न्यायिक व्यवस्था के आधुनिकीकरण और संस्थागत तालमेल को भी इस दौरे का अहम हिस्सा बनाया गया है।