कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मांगी माफी! असम के सीएम ने ट्वीट कर दी जानकारी

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मांगी माफी! असम के सीएम ने चेताया

असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने ट्वीट कर बताया कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बिना किसी शर्त के माफी मांग ली है। हेमंत विश्व शर्मा ने लिखा कि सियासत में असभ्य भाषा का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘आरोपी ने बिना शर्त माफी मांग ली है। हम उम्मीद करते हैं कि सार्वजनिक जगहों पर पवित्रता बनी रहेगी। इसके बाद कोई भी सियासत में असभ्य भाषा का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा।’

गौरतलब है कि पवन खेड़ा ने बीते दिनों गौतम अदाणी केस की जांच के लिए जेपीसी के गठन की मांग को लेकर एक प्रेस वार्ता की थी। इस प्रेस वार्ता के दौरान खेड़ा ने पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर कुछ कह दिया था। जिसके बाद उनके विरुद्ध असम, उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। वृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता जब अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ कांग्रेस के अधिवेशन में शामिल होने के लिए रायपुर जा रहे थे तो उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस द्वारा रोक लिया गया था।

इसके बाद पवन खेड़ा के समर्थन में अन्य कांग्रेस नेता भी धरने पर बैठ गए थे। दरअसल असम पुलिस की अपील पर दिल्ली पुलिस ने पवन खेड़ा को रोका था और जब असम पुलिस दिल्ली पहुंची तो उसने दिल्ली पुलिस से पवन खेड़ा की हिरासत ली। इस बीच कांग्रेस इस केस को लेकर सर्वोच्च न्यायालय पहुंच गई, जहां से शीर्ष अदालत ने पवन खेड़ा को राहत देते हुए उन्हें अंतरिम बेल दे दी थी। अब असम के सीएम हेमंत विश्व शर्मा ने दावा किया है कि पवन खेड़ा ने अपनी टिप्पणी को लेकर बिना शर्त माफी मांग ली है।